Type Here to Get Search Results !

अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत, तीज के दिन छिन गया सुहाग


कुछ देर तक गिरा पड़ा रहा घायल, लोग बना रहे थे वीडियो
कतरास: 06-09-2024
शुक्रवार देर शाम हीरक रोड श्यामडीह के समीप रिलायबल शो रूम के सामने एक अज्ञात वाहन के चपेट में आने से एक बाइक सवार की मौत हो गई. 
दुर्घटनाग्रस्त वाहन का सँख्या- जेएच 10 सीएच 6805 है. बताया जाता है कि युवक राहुल चौक से मतारी की ओर जा रहा था जबकि कोई बड़ा वाहन श्यामडीह की ओर से राहुल चौक की ओर आ रहा था. इस बीच बाइक सवार वाहन की चपेट में आ गया. जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो कर सड़क पर गिर पड़ा. तभी उधर से गुजर रहे विद्यार्थी परिषद के नेता शुभम हजारी ने अपने चार पहिया वाहन को घटनास्थल पर रोका तथा दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को से चार पहिया से स्थानीय नर्सिंग होम पहुंचाया. 

जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शुभम हजारी ने बताया कि वह उसे समय बेरमो से आ रहे थे. रिलायबल शोरूम के समीप भीड़ देखकर उन्होंने अपने वाहन को रोका तो देखा कि एक बाइक सवार खून से लथपथ होकर गिरा पड़ा है. उसके आसपास खड़े दर्जनों लोग मोबाइल से दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति का वीडियो बना रहे थे. किसी ने भी उसे अस्पताल तक पहुंचाने की जोहमत नहीं उठाई. घटना की सूचना पाकर तत्काल कतरास पुलिस अस्पताल पहुंची तथा जांच पड़ताल में जुट गए. मृत व्यक्ति का नाम विपिन ठाकुर बताया जा रहा है जो कि मतारी का रहने वाला है. खबर सुनकर मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था. 

जानकारी के अनुसार दुर्घटना के बाद आधे घंटे तक घायल वही गिरा पड़ा रहा. जिससे घायल व्यक्ति का ढेर सारा खून सड़क पर पसर गया था. व्यक्ति के सिर पर गंभीर चोट आया था. खड़े लोगों ने ना तो लोगों ने पुलिस को सूचना दी ना ही घायल को अस्पताल लेकर गया. कुछ लोगों का कहना था कि यदि घटना के तुरंत बाद अस्पताल पहुंचाया जाता तो शायद उसे बचाया जा सकता था. 
स्ट्रीट लाइट रहने के बावजूद रहता है अंधेरा, लोगों ने निगम को ठहराया जिम्मेदार

बता दे कि उक्त स्थल पर निगम का स्ट्रीट लाइट भी लगा है लेकिन वो भी निगम की तरह सोया रहता है. जिसके कारण उक्त स्थल में शाम ढलने के बाद अंधेरा पसर जाता है. लोगों का कहना था कि अंधेरा होने के कारण यह दर्दनाक घटना घटी है. यदि स्ट्रीट लाइट जलता तो शायद यह दुर्घटना नही होता. बता दें कि 150 मीटर की दूरी पर स्थित राहुल चौक में महिनोंसे जल जमाव है जिसके कारण हर रोज छोटी मोटी घटना होती रहती है. दोपहिया वाहन अक्सर जल जमाव के कारण गिर जाते हैं. बगल में छोटा सा तालाब है. तालाब का पानी और सड़क में जमा पानी एकसमान हो गया है जिसके निकासी का कोई उचित व्यवस्था नही है. नगर निगम भी समस्या का हल निकालने के बदले चुप्पी साधे हुए हैं. ऐसे में शहर के लोगों को हर रोज इन समस्याओं से रूबरू होना पड़ रहा है.

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad