चेतना कार्यक्रम के तीसरे चरण का समापन: महिला एवं बच्चों पर घटित अपराध संबंधी चित्र प्रदर्शनी आयोजित
बिलासपुर, 05 अक्टूबर 2024: बिलासपुर पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के नवाचार कार्यक्रम चेतना के अंतर्गत महिला एवं बच्चों पर घटित अपराधों के प्रति जागरूकता के तीसरे चरण का समापन एक विशाल चित्र प्रदर्शनी के साथ हुआ। यह चित्र प्रदर्शनी स्कूली बच्चों द्वारा तैयार की गई थी और इसमें जिले भर के 140 शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों के छात्रों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत 1 जून 2024 को चेतना के पहले चरण के रूप में सड़क सुरक्षा से हुई थी, जिसके बाद साइबर फ्रॉड पर दूसरा चरण आयोजित किया गया। तीसरे चरण में एक महीने तक महिला और बच्चों पर हो रहे अपराधों के खिलाफ विभिन्न समूहों, स्कूलों, कॉलेजों, एनसीसी, एनएसएस और ब्रह्माकुमारी जैसे संगठनों द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
आज आयोजित इस प्रदर्शनी में प्रत्येक स्कूल के छात्रों ने ड्राइंग शीट पर महिला एवं बच्चों पर घटित अपराधों और उनसे बचाव के उपायों पर आधारित चित्र बनाए और उन्हें यातायात थाने में जमा किया। इसके अलावा, लगभग 40,000 छात्रों के माध्यम से उनके परिवारों तक जागरूकता पम्पलेट भेजे गए, जिन पर उनके परिवार के सदस्यों के हस्ताक्षर भी किए गए।
प्रदर्शनी के दौरान प्रत्येक स्कूल से चुने गए 20-20 चित्रों को पुलिस परेड मैदान में प्रदर्शित किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह ने सभी प्रतिभागी छात्रों और संबंधित स्कूलों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए और कार्यक्रम को सफल बनाने में उनके योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर एडिशनल एसपी नीरज चंद्राकर ने कहा कि चेतना बहुत कम समय में उच्च मुकाम पर पहुंच गया है। श्री रजनेश सिंह ने अपने संबोधन में चेतना को मिली अपार जनसमर्थन की सराहना की और अगले चरण में समाज के सबसे बड़े अभिशाप नशा के खिलाफ अभियान चलाने की घोषणा की।
वीडियो देखने के लिए क्लिक करे
इस कार्यक्रम में लगभग 2000 छात्र-छात्राएं, अभिभावक, शिक्षक और जिले के तमाम थाना प्रभारी व पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। मंच का संचालन सब-इंस्पेक्टर उमाशंकर पांडे ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में आर्यन फिल्म्स के रामानंद तिवारी, हरियाली सेवा फाउंडेशन के निलेश मसीह और जीवधारणी सेवा फाउंडेशन के विकास वर्मा की विशेष भूमिका रही।







Post a Comment
0 Comments