बेलतरा में जमीन विवाद: अधिवक्ता ने विधायक सुशांत शुक्ला पर धमकी देने का आरोप, विधायक बोले—आरोप बेबुनियाद
बिलासपुर। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में एक जमीन विवाद ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। जिला बार अधिवक्ता संघ की सदस्य अधिवक्ता साधना जायसवाल ने विधायक सुशांत शुक्ला पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। अधिवक्ता का कहना है कि विधायक ने उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की ताकि वे विवादित जमीन से अपना दावा छोड़ दें। इस मामले में अधिवक्ता ने अपने साथी वकीलों के साथ एसपी रजनीश सिंह से मिलकर लिखित शिकायत दर्ज करवाई और कार्रवाई की मांग की है।
क्या है मामला?
अधिवक्ता साधना जायसवाल के मुताबिक, सरकंडा के शिव घाट बैराज के पास स्थित जमीन पर उनका मालिकाना हक है। लेकिन शारदा मंदिर समिति इस जमीन पर अपना दावा कर रही है, जिसके कारण राजस्व विभाग में मामला विचाराधीन है। अधिवक्ता का आरोप है कि इसी विवाद के चलते विधायक सुशांत शुक्ला ने उनसे दुर्व्यवहार किया और धमकी दी।
विधायक का पक्ष
विधायक सुशांत शुक्ला ने इन आरोपों को बेबुनियाद करार दिया है। उन्होंने कहा कि विवादित भूमि सार्वजनिक उपयोग की संपत्ति है और इस पर किसी व्यक्ति का निजी स्वामित्व नहीं हो सकता। उन्होंने बताया कि वे खुद दो बार कलेक्टर से शिकायत कर चुके हैं और इस जमीन की स्थिति स्पष्ट करने के लिए एक जांच कमेटी गठित करवाई गई है।
देखे पूरा वीडियो.......
मानहानि का दावा करने की चेतावनी
विधायक सुशांत शुक्ला ने साफ शब्दों में कहा कि अधिवक्ता द्वारा लगाए गए आरोप मिथ्या और राजनीतिक साजिश का हिस्सा हैं। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि वे जल्द ही मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे और कानूनी कार्रवाई करेंगे।
राजनीतिक माहौल गर्माया, पुलिस की जांच शुरू
इस विवाद के चलते बेलतरा और बिलासपुर में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। अधिवक्ता संघ ने विधायक पर कार्रवाई की मांग की है, जबकि विधायक ने इसे राजनीतिक षड्यंत्र बताया है। पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
अब देखना यह होगा कि जांच में सच्चाई क्या सामने आती है और यह विवाद किस ओर मोड़ लेता है।



Post a Comment
0 Comments