भीषण गर्मी में राहत: बिलासपुर में दोपहर 12 से शाम 5 बजे तक ट्रैफिक सिग्नल रहेंगे बंद, SSP रजनेश सिंह ने दिए निर्देश
बिलासपुर। संपूर्ण छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री रजनेश सिंह ने आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक सराहनीय और संवेदनशील पहल की है। आदेशानुसार, अब शहर के ट्रैफिक सिग्नल दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक बंद रखे जाएंगे, ताकि गर्मी में लोगों को सिग्नल पर खड़े होने की परेशानी से राहत मिल सके।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं ट्रैफिक प्रभारी श्री रामगोपाल करियारे ने जानकारी दी कि इस आदेश का सख्ती से पालन किया जाएगा और बंद सिग्नल के दौरान भी ट्रैफिक जवान यातायात नियंत्रण के लिए तैनात रहेंगे। यदि किसी स्थिति में ट्रैफिक अव्यवस्थित होता है या जाम की स्थिति बनती है तो सिग्नल को तत्काल पुनः चालू किया जाएगा।
इसके साथ ही, चिलचिलाती धूप में ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक जवानों को "छायानुमा छतरी" भी प्रदान की गई है, ताकि उन्हें भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सके।
ट्रैफिक पुलिस ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि सिग्नल बंद रहने की स्थिति में भी यातायात नियमों का पालन करें और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग दें।
यह पहल न केवल आमजन के लिए राहतदायक है, बल्कि मानवीय दृष्टिकोण से एक सकारात्मक संदेश भी देती है।



Post a Comment
0 Comments