अतिक्रमणकारियों ने निगम के अधिकारियों के साथ की वार्ता, नही बनी बात



निगम अपनी बात पर अटल, जुर्माना भर कर दुकान हटा लें व्यापारी, नही तो होगी कार्रवाई- राजस्व अधिकारी
कतरास: 31-05-2025
वार्ड संख्या एक अंतर्गत कतरास हटिया में अतिक्रमण हटाने को लेकर नगर निगम के द्वारा 24 घंटा का अल्टीमेटम दिया गया था, जो की शनिवार को पूरा हो गया। इस बीच शनिवार दोपहर हटिया में अतिक्रमण कर पक्का निर्माण करने वाले कुछ व्यापारी नगर निगम कार्यालय कतरास पहुंचे तथा निगम के राजस्व अधिकारी सचिन कुमार के साथ लगभग आधा घंटा तक बातचीत किए। व्यापारियों की ओर से कहा जा रहा था कि वे लोग वर्षों से उक्त स्थान में साग सब्जी बेचकर अपना गुजर बसर कर रहे हैं। इसलिए उन पर दया दृष्टि दिखाया जाए। वहीं निगम के अधिकारी ने बताया कि व्यापारियों को 24 घंटे के अंदर पक्का निर्माण हटाने का निर्देश दिया गया था। इसके साथ ही 25 हजार रुपये जुर्माना राशि भरने का भी आदेश दिया गया था। लेकिन फिलहाल तक ना तो जुर्माना राशि ही दिया गया है और ना ही स्वेच्छा से पक्का निर्माण को हटाया गया है। राजस्व अधिकारी ने कहा कि वरीय अधिकारियों के आदेशानुसार निगम अपनी बात पर अटल है। कहा कि 4 लोगों के खिलाफ शिकायतें प्राप्त हुई है। जांच पड़ताल भी की गई है। उल्लेखित लोगों द्वारा जुर्माना राशि नहीं भरने एवं स्वेच्छा से अवैध रूप से किए गए पक्का निर्माण नहीं हटाने पर नगर निगम आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगा। 
                      अधिकारी ने आगे कहा कि उन्हें जानकारी मिला है कि पूरे कतरास हटिया में कुछ दबंग किस्म के लोगों ने अवैध रूप से पक्का निर्माण कर दुकान मकान बना लिया है। उन लोगों को भी नोटिस भेजने की तैयारी चल रही है। जल्द ही पूरे मामले पर उचित कार्रवाई किया जाएगा। उन्होंने लोगों को विश्वास दिलाते हुए कहा कि सैकड़ो वर्ष पहले जिस प्रकार से हटिया लगता था एक बार फिर से उसी रंग में हटिया देखने को मिलेगा। इसको लेकर निगम लगातार प्रयासरत है
राजस्व कर्मचारी ने अपेक्षा के अनुरूप होल्डिंग टैक्स नहीं मिलने पर जताई नाराजगी
राजस्व कर्मचारी सचिन कुमार ने कतरास में आशा के अनुरूप होल्डिंग टैक्स नहीं मिलने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि कतरास के लोग होल्डिंग टैक्स देने से कतराते हैं। लेकिन यदि होल्डिंग टैक्स नहीं प्राप्त होगा तो नगर निगम की ओर से कतरास में विकास कार्य कैसे हो पाएगा। अधिकारी ने कहा कि कतरास में बिजली और पानी की आपूर्ति एवं नालियों की साफ सफाई को लेकर लगातार प्रयास किया जा रहा है। लेकिन यदि होल्डिंग टैक्स प्राप्त नहीं होगा तो फिर मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति और विकास निगम कैसे कर सकेगा। उन्होंने कतरास की जनता से होल्डिंग टैक्स जमा करने का आग्रह किया है।

Post a Comment

0 Comments