Type Here to Get Search Results !

राशन कटौती के खिलाफ मुखिया ने दिया अनिश्चितकालीन धरना, एमओ के मध्यस्थता पर धरना समाप्त



पीडीएस संचालक मुकेश गुप्ता व ममता यादव पर राशन वितरण में अनियमितता बरतने का आरोप
कतरास: 20-06-2025
जमुआटांड पंचायत अंतर्गत गड़गड़ी बस्ती एवं श्रीधरपुर के पीडीएस संचालक मुकेश गुप्ता एवं ममता यादव के द्वारा अनाज वितरण में गड़बड़ी करने को लेकर पंचायत के मुखिया निरंजन गोप ने पंचायत सचिवालय में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया। मुखिया निरंजन गोप ने मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि उक्त दोनों पीडीएस संचालकों के द्वारा राशन वितरण में भारी झोलझाल किया जा रहा है। कुछ कार्ड धारकों को अनाज दिया जाता है तो कुछ को बहाना बनाकर लौटा दिया जाता है। सैकड़ो कार्ड धारक पीडीएस संचालकों की मनमानी से परेशान है। गरीब कार्ड धारकों का अनाज धड़ल्ले से कालाबाजारी किया जा रहा है। बताया कि पहले भी पीडीएस संचालक मुकेश गुप्ता एवं ममता यादव को अनाज वितरण में अनियमितता बरतने के मामले में सस्पेंड किया जा चुका है। वहीं मौके पर मौजूद एक लाभुक ने बताया कि ममता यादव के द्वारा उसको मिलने वाला अनाज में भारी कटौती किया जाता है। जून महीना में उसे 2 महीना का अनाज 25-25 केजी मतलब 50 केजी दिया जाना था लेकिन उसे महज 18 किलो अनाज दिया गया। धरना दे रहे अन्य कार्डधारकों ने भी पीडीएस संचालक पर मनमानी करने का आरोप लगाया है।

आरोपों पर क्या कहती है पीडीएस संचालिका ममता यादव

यह बात सच है कि कार्डधारकों को कम अनाज मिल रहा है लेकिन इसमें मेरा कोई गलती नहीं है। विभाग द्वारा मुझे कम अनाज दिया जा रहा है। मेरे पास 484 कार्डधारक हैं लेकिन पिछले महीने मुझे महज 59 क्विंटल अनाज प्राप्त हुआ। इतने में सबकी पूर्ति कैसे होगी। 

पीडीएस संचालक मुकेश गुप्ता ने आरोपों पर क्या कहा

पीडीएस संचालक मुकेश गुप्ता ने आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि उनके द्वारा राशन वितरण में कोई अनियमितता नही बरती जा रही है। पूर्व में दूसरे पीडीएस का मर्ज उसके पीडीएस में हुआ था जिसके कारण लाभुक को मिलने वाला अनाज में दिक्कत आता है। जितना अनाज विभाग द्वारा मुझे प्राप्त होता है सबका सब अनाज नियमसंगत तरीकेवसे लाभुकों में वितरण कर दिया जाता है।


खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी ने धरना स्थगित करने का आग्रह किया, मुखिया ने ठुकराया

मामले को लेकर मुखिया निरंजन गोप ने धनबाद उपायुक्त, जिला अनुमंडल पदाधिकारी धनबाद, आपूर्ति पदाधिकारी धनबाद, खाद आपूर्ति पदाधिकारी बाघमारा, प्रखंड विकास पदाधिकारी बाघमारा सहित अन्य कई संबंधित विभागों में शिकायत किया था। मुखिया ने बताया कि खाद आपूर्ति पदाधिकारी बाघमारा के द्वारा लिखित पत्र जारी कर धरना स्थगित करने का आग्रह किया गया है। साथ ही सात दिनों के भीतर जांच पड़ताल करने का आश्वासन भी दिया गया है। किंतु जब तक समस्या का समाधान नहीं हो जाएगा धरना चलता रहेगा। 



एमओ पहुँचे जांच में, धरना समाप्त करवाया

2 बजे के बाद एमओ रघुवंश भारती धरना में पहुँचे, मामला का जाँच पड़ताल किया। उसके बाद दोनो पीडीएस संचालक को निर्देश देते हुए कहा कि जिन राशनकार्ड धारकों को राशन नहीं मिला है उसको अति शीघ्र राशन उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही मुखिया से धरना समाप्त करने का आग्रह किया। जिस पर मुखिया निरंजन गोप ने धरना समाप्त कर दिया। मुखिया ने कार्रवाई को संतोषजनक बताया
   
धरने में ये थे मौजूद                 

धरना स्थल पर जमुआटाँड़ पंचायत के मुखिया निरंजन गोप, मधु मंडल, पंचानंद मंडल, उत्तम मंडल, अजय कुमार मंडल, विक्रम मंडल, महेश मंडल, निशा देवी, प्रकाश मंडल, प्रवीण कुमार मंडल, टुंपा कुमारी, बबलू कुमार मंडल, नजमा खातून, नमिता देवी, टुंपा देवी, अनिल मंडल, सुमित मंडल, सावित्री देवी, राजेश मंडल, लवली देवी, मानिक मंडल, कविता देवी, शांति देवी, निहाली देवी, संगीता मंडल, उर्मिला देवी सहित अन्य दर्जनों कार्डधारक मौजूद थे।

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad