तोपचांची के बेटे तफसीर इकबाल बने हैदराबाद के नए आईजी, गांव में खुशी की लहर
पावर न्यूज 24 भारत , धनबाद। धनबाद जिले के तोपचांची प्रखंड मुख्यालय निवासी तफसीर इकबाल ने अपनी मेहनत और लगन से क्षेत्र का नाम रौशन कर दिया है। उन्हें हैदराबाद (तेलंगाना) का नया पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) नियुक्त किया गया है। बुधवार को उन्होंने पदभार ग्रहण कर लिया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर उनके पैतृक गांव तोपचांची में हर्ष और गर्व की लहर दौड़ गई। गांववासियों ने मिठाइयां बांटी और एक-दूसरे को बधाई दी।
सेवानिवृत्त शिक्षक और सामाजिक कार्यकर्ता मुमताज आलम ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे इलाके के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने बताया कि तफसीर इकबाल तोपचांची के दिवंगत डॉक्टर एसएन इकबाल के सुपुत्र हैं। प्रारंभिक शिक्षा तफसीर ने तोपचांची के मध्य विद्यालय और उच्च विद्यालय से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने टीएनबी कॉलेज, भागलपुर से स्नातक की पढ़ाई की और उच्च शिक्षा के लिए अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) गए।
तफसीर इकबाल 2008 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी हैं। उनका कैडर पहले आंध्रप्रदेश था, जो राज्य पुनर्गठन के बाद तेलंगाना में आ गया। अपने कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और कड़े परिश्रम के लिए तफसीर इकबाल को कई प्रशंसा पत्र और सम्मान मिल चुके हैं।
तोपचांची समेत पूरे धनबाद जिले में तफसीर इकबाल की इस कामयाबी से लोग गदगद हैं और युवा वर्ग उन्हें प्रेरणा स्रोत मान रहा है।
0 Comments