BILASPUR CG NEWS : दुष्कर्म और अपहरण का आरोपी पुलिस हिरासत से फरार
बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र से एक बड़ा और सनसनीखेज मामला सामने आया है। दुष्कर्म और नाबालिग के अपहरण जैसे गंभीर आरोपों में गिरफ्तार आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया।
आरोपी स्वरित सिंह, जो सरकंडा क्षेत्र के मोपका गार्डन सिटी का निवासी है, को गुरुवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। लेकिन शुक्रवार तड़के लगभग 4 बजे वह पुलिस हिरासत से भागने में सफल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने हथकड़ी ढीली कर पुलिसकर्मियों को चकमा दिया और थाने से फरार हो गया। इस घटना के बाद कोनी थाने में हड़कंप मच गया है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि हथकड़ी लगे होने के बावजूद आरोपी कैसे भाग निकला और उस समय ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी क्या कर रहे थे? पुलिस की इस लापरवाही ने उसकी कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन ने तुरंत शहर के सभी थानों को अलर्ट जारी कर दिया है। फिलहाल आरोपी की तलाश में पुलिस की विशेष टीम गठित की गई है और फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।


Post a Comment
0 Comments