Type Here to Get Search Results !

बिलासपुर: हटिया दुर्ग एक्सप्रेस ट्रेन में ITBP जवानों का पिट्ठू बैग चोरी – रिवाल्वर, मैगजीन और जिंदा कारतूस गायब

बिलासपुर: हटिया दुर्ग एक्सप्रेस ट्रेन में ITBP जवानों का पिट्ठू बैग चोरी – रिवाल्वर, मैगजीन और जिंदा कारतूस गायब

बिलासपुर। हटिया-दुर्ग एक्सप्रेस में बड़ा सुरक्षा हादसा सामने आया है। ट्रेन के जनरल डिब्बे में यात्रा कर रहे भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के एएसआई और हेड कॉन्स्टेबल का सिल्वर कलर का पिट्ठू बैग चोरी हो गया। बैग में उनकी सर्विस रिवाल्वर, 4 मैगजीन, 24 जिंदा कारतूस, मोबाइल और 10 हजार रुपये नकद थे। घटना बुधवार तड़के 3 से 5.50 बजे के बीच चांपा और भाटापारा स्टेशन के बीच हुई।

जानकारी के मुताबिक रांची 40वीं बटालियन के एएसआई योगेंद्र प्रसाद ओझा, हेड कॉन्स्टेबल जितेंद्र सिंह और आरक्षक बुद्धदेव मलिक हटिया से दुर्ग आ रहे थे। रिजर्वेशन न होने के कारण तीनों जवान जनरल कोच डी-2 में सफर कर रहे थे। यात्रा के दौरान उनका बैग सीटों के बीच रखा हुआ था। चांपा स्टेशन के पास तीनों को नींद आ गई और भाटापारा स्टेशन पर जागने पर बैग गायब मिला।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कंट्रोल रूम, जीआरपी, आरपीएफ और क्राइम ब्रांच की टीम सक्रिय हो गई। चांपा से भाटापारा तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए लेकिन कोई संदिग्ध फुटेज नहीं मिला। जांच के दौरान स्टेशन चौक से तितली चौक के बीच झाड़ियों में शिकायतकर्ता के दस्तावेज और कपड़े बरामद हुए, लेकिन हथियार और बैग का अब तक कोई सुराग नहीं है।

बताया जा रहा है कि मुख्यालय ने इस मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए एएसआई ओझा, हेड कॉन्स्टेबल जितेंद्र सिंह और आरक्षक बुद्धदेव मलिक को निलंबित कर दिया है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।

रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी मामले की जांच में जुटी है और बैग के साथ हथियार की बरामदगी के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad