छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में बड़ा खुलासा — EOW ने दाखिल की 6वीं चार्जशीट
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने मंगलवार को एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए कोर्ट में 6वीं चार्जशीट दाखिल की है। यह चार्जशीट विदेशी शराब के अवैध सिंडिकेट से जुड़ी बताई जा रही है।
EOW ने इस मामले में ओम साईं बेवरेज कंपनी के विजय कुमार भाटिया, नेक्सजेन पावर के संजय मिश्रा, मनीष मिश्रा और अभिषेक सिंह के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। बताया जा रहा है कि ये सभी आरोपी वर्तमान में जेल में बंद हैं।
चार्जशीट में EOW ने अवैध सिंडिकेट की अवैध कमाई और नीति में हेराफेरी का बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि जब विदेशी शराब कंपनी के सिंडिकेट की मांगों को मानने से इनकार किया गया, तो शराब नीति में ही बदलाव करा दिया गया।
EOW के अनुसार, इस पूरे प्रकरण में आईएएस अनिल टुटेजा, तत्कालीन आबकारी MD अरुण पत्र त्रिपाठी, आईएएस निरंजन दास, व्यापारी अनवर ढेबर, विकास अग्रवाल और अरविंद सिंह की भूमिका सामने आई है। आरोप है कि इन सभी ने मिलकर वर्ष 2020-21 में शराब नीति बदलवाकर अवैध लाभ उठाया।
सूत्रों के अनुसार, EOW आने वाले दिनों में इस मामले में अधिक अधिकारियों और व्यापारियों के नामों का खुलासा कर सकती है।
यह छत्तीसगढ़ के इतिहास के सबसे बड़े आर्थिक अपराधों में से एक माना जा रहा है, जिसमें करोड़ों रुपए की अवैध कमाई और नीति में गड़बड़ी की जांच जारी है।




Post a Comment
0 Comments