Type Here to Get Search Results !

अटल आवास में दंपती की संदिग्ध मौत — पत्नी बिस्तर पर मृत, पति फंदे पर झूला

अटल आवास में दंपती की संदिग्ध मौत — पत्नी बिस्तर पर मृत, पति फंदे पर झूला

दुलाल मुखर्जी| POWER NEWS 24 BHARAT 

बिलासपुर। शहर के अटल आवास इलाके में एक दंपती की संदिग्ध मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। एक ही कमरे में पत्नी का शव बिस्तर पर मिला, जबकि पति फांसी के फंदे पर झूलता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और बारीकी से जांच शुरू की।

सूत्रों के अनुसार, पति ने मरने से पहले दीवार पर लिपिस्टिक से एक युवक का नाम लिखकर एक अहम सुराग छोड़ा है। इसके अलावा कमरे से एक पन्ना भी बरामद हुआ है, जिसमें पत्नी के चरित्र को लेकर गंभीर बातें लिखी गई हैं।

मृतक दंपती लायंस कंपनी में सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत थे। उनके तीन छोटे बच्चे हैं। इस दर्दनाक घटना का खुलासा तब हुआ जब उनकी बेटी दोपहर में घर पहुंची और दरवाजा अंदर से बंद पाया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर जब किसी तरह दरवाजा खुलवाया गया, तो सामने का दृश्य दिल दहला देने वाला था — पत्नी बिस्तर पर मृत पड़ी थी और पति फंदे पर झूल रहा था।

जांच में हत्या और आत्महत्या दोनों के एंगल पर काम

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पत्नी के गले पर खरोंच के निशान पाए गए हैं। इससे यह आशंका मजबूत होती है कि पति ने पहले पत्नी की हत्या की और फिर खुद आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

सीएसपी निमितेश सिंह परिहार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चरित्र संबंधी विवाद का एंगल सामने आया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट होगी।

तीन मासूमों पर टूटा दुखों का पहाड़

इस दर्दनाक घटना ने तीन मासूम बच्चों को बेसहारा कर दिया है। अटल आवास कॉलोनी में मातम पसरा हुआ है, हर कोई यही सवाल कर रहा है कि आखिर ऐसा क्या हुआ जो एक परिवार की खुशियां पलभर में खत्म हो गईं।

फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। 

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad