सरकंडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई — फरार बदमाश समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, मकान कब्जा विवाद में की थी तोड़फोड़ और गाली-गलौच
बिलासपुर। थाना सरकंडा पुलिस ने थाना क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले फरार बदमाशों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी छह माह पूर्व एक मकान कब्जा विवाद में गाली-गलौच, मारपीट और तोड़फोड़ की घटना में शामिल थे। मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को राजकिशोर नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
मामला इस प्रकार है
प्रार्थी जी. श्रीनिवास राव, निवासी राजकिशोर नगर, थाना सरकंडा, ने 23 फरवरी 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी जसबीर सिंह ने छलपूर्वक उसका मकान अपने नाम पर रजिस्ट्री करा लिया है। यह मामला वर्तमान में न्यायालय में लंबित है।
उसी दिन शाम लगभग 5 बजे आरोपी जसबीर सिंह, अपने साथियों सुदीप डे, यश तिवारी और उत्कर्ष श्रीवास्तव के साथ प्रार्थी के घर में जबरन घुस गया। उन्होंने घर खाली करने का दबाव डालते हुए गाली-गलौच की और घर के सामानों की तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 293/2025, धारा 332(ग), 324(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की थी।
आरोपी छह माह से थे फरार
घटना के बाद से सभी आरोपी अपने ठिकानों से फरार थे। दिनांक 25 नवंबर 2025 को सूचना मिली कि आरोपीगण राजकिशोर नगर क्षेत्र में देखे गए हैं। इस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) को अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर त्वरित कार्रवाई के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री राजेन्द्र जायसवाल और सीएसपी (सिविल लाइन/सरकंडा) श्री निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर आरोपी जसबीर सिंह, सुदीप डे और यश तिवारी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने तीनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
एक आरोपी को सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत रिहा किया गया
आरोपी उत्कर्ष श्रीवास्तव का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं पाया गया। इसलिए माननीय सुप्रीम कोर्ट के अर्नेस कुमार बनाम बिहार राज्य मामले में दिए गए निर्देशों के पालन में उसे रिहा किया गया।
गिरफ्तार आरोपी —
- 1. जसबीर सिंह पिता स्व. भूपेन्द्र सिंह, उम्र 34 वर्ष, निवासी तुलसी आवास ब्लॉक-6, राजकिशोर नगर, थाना सरकंडा
- 2. यश तिवारी पिता दीपक तिवारी, उम्र 19 वर्ष, निवासी राजकिशोर नगर, थाना सरकंडा
- 3. सुदीप डे पिता स्व. संतोष डे, उम्र 26 वर्ष, निवासी बसंत विहार चौक, राजकिशोर नगर
- 4. उत्कर्ष श्रीवास्तव (रिहा किया गया)
पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई से फरार आरोपी गिरफ्त में आए हैं।


Post a Comment
0 Comments