Type Here to Get Search Results !

बिलासपुर में फिर मिली एक लाश: NTPC गेट के पास नहर में मिला अज्ञात युवक का शव, इलाके में सनसनी

बिलासपुर में फिर मिली एक लाश: NTPC गेट के पास नहर में मिला अज्ञात युवक का शव, इलाके में सनसनी

दुलाल मुखर्जी POWER NEWS 🗞️ 24 BHARAT 

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह सनसनी फैल गई, जब एनटीपीसी मटेरियल गेट के सामने बहेरा पुल के पास नहर में एक अज्ञात युवक का शव तैरता हुआ मिला। अचानक मिली इस खबर से आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे कुछ राहगीर जब नहर के पास से गुजर रहे थे, तभी उन्होंने पानी में एक युवक की लाश देखी। तत्काल उन्होंने इसकी सूचना सीपत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पाया कि शव करीब 24 घंटे पुराना प्रतीत हो रहा है। मृतक की उम्र लगभग 30 से 32 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शरीर पर किसी प्रकार के गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं, हालांकि पानी में अधिक समय रहने के कारण शव की स्थिति खराब हो चुकी है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत कहीं और हुई हो सकती है और बाद में शव को नहर में फेंका गया हो।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मामला हत्या, आत्महत्या या किसी हादसे का है।

फिलहाल मृतक की पहचान के लिए पुलिस आसपास के गांवों में जानकारी जुटा रही है। साथ ही नजदीकी थानों में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्टों की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके।

स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भय और चर्चा का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी ने आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति को देखा हो या मृतक की पहचान करता हो, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

सीपत थाना क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों में इस तरह की यह तीसरी संदिग्ध मौत है, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है। 

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad