सकरी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर शराब पार्टी: बीच सड़क कार खड़ी कर जाम, 3 युवक और 1 युवती गिरफ्तार
POWER NEWS 24 BHARAT 🔴 🟡 🟢 🔵 🟣 🟤
बिलासपुर, 23 मार्च 2026 | छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के थाना सकरी क्षेत्र में देर रात नेशनल हाईवे पर लापरवाही और कानून उल्लंघन का मामला सामने आया है। सकरी पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान एक कार में सवार 3 युवक और 1 युवती को बीच सड़क वाहन खड़ा कर शराब पार्टी करते हुए पकड़ा।
पुलिस के अनुसार 22 मार्च की रात करीब 11:50 बजे पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक काले रंग की होंडा वरना कार (क्रमांक CG 07 BH 9996) सम्बलपुरी ओवरब्रिज पर बीच सड़क खड़ी है और उसमें सवार युवक-युवती शराब पीते हुए आवागमन बाधित कर रहे हैं। सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
मौके पर देखा गया कि कार सड़क के बीचों-बीच खड़ी थी, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था। वाहन की जांच के दौरान अंदर कटा हुआ केक और खाने-पीने का सामान मिला। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे जन्मदिन मना रहे थे। पुलिस ने एल्कोमीटर से जांच की, जिसमें सभी द्वारा शराब सेवन की पुष्टि हुई।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान निहाल साडिल्य (22 वर्ष), अतुल वर्मा (21 वर्ष), प्रियांशु चौरासिया (19 वर्ष), सभी निवासी कोरबा तथा आदिती भंडारी (19 वर्ष), निवासी बिलासपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 285, धारा 3(5) तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना जारी है।
इधर, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय द्वारा सड़क सुरक्षा और नशे में वाहन चलाने के मामलों पर सख्ती के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद सकरी थाना क्षेत्र सहित बिलासपुर जिले में पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। रात के समय हाईवे और प्रमुख मार्गों पर लगातार चेकिंग की जा रही है और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं और सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था भंग करने से बचें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।



Post a Comment
0 Comments