Type Here to Get Search Results !

बंधवा में एकलव्य विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए भव्य रोजगार मेला आयोजित

 बंधवा में एकलव्य विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए भव्य रोजगार मेला आयोजित


बंधवा लोरमी समाचार 

पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, बंधवा में राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति, नई दिल्ली एवं टाटा मोटर्स के संयुक्त तत्वावधान में संचालित कौशल्य कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। इस मेले में छत्तीसगढ़ राज्य के 21 एकलव्य विद्यालयों के विद्यार्थियों को आमंत्रित किया गया था जिसमें विभिन्न जिलों के 15  एकलव्य विद्यालयों से लगभग 164  विद्यार्थी रोजगार मेले में उपस्थित हुए।

रोजगार मेले को लेकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। दूर-दराज के जिलों से आए विद्यार्थी सुबह 8 बजे से ही विद्यालय परिसर में पहुंचने लगे थे। विद्यालय प्रशासन द्वारा आगंतुक विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए सुव्यवस्थित एवं आकर्षक व्यवस्थाएं की गई थीं, जिससे प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

कार्यक्रम की शुरुआत पंजीकरण प्रक्रिया से हुई, जिसमें सभी प्रतिभागियों का विधिवत पंजीकरण किया गया तथा उन्हें रोजगार मेले की संपूर्ण प्रक्रिया एवं अवसरों की जानकारी प्रदान की गई। इसके पश्चात विद्यालय सभागार में आयोजित मुख्य सत्र में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग मुंगेली, शिवकुमार बांधे ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें अपने कौशल को निखारकर उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर टाटा मोटर्स के प्रतिनिधि अभिषेक जी एवं विशाल जी ने स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से कौशल्य कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने विद्यार्थियों को रोजगार के अवसरों, प्रशिक्षण की प्रक्रिया एवं चयन की शर्तों के बारे में विस्तार से बताया, जिससे विद्यार्थियों को भविष्य की संभावनाओं को समझने में मदद मिली।

विद्यालय के प्राचार्य जितेन्द्र सिंह तंवर ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह रोजगार मेला न केवल विद्यार्थियों के लिए एक सुनहरा अवसर है, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

आगंतुक विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए विद्यालय प्रशासन द्वारा उत्कृष्ट आतिथ्य की व्यवस्था की गई थी। दिनभर चलने वाले इस आयोजन के दौरान स्वादिष्ट नाश्ते, दोपहर के भोजन एवं संध्या कालीन अल्पाहार की समुचित व्यवस्था की गई, जिससे सभी प्रतिभागी अत्यंत संतुष्ट एवं प्रसन्न दिखाई दिए। इस सुव्यवस्थित व्यवस्था ने कार्यक्रम की गरिमा को और भी बढ़ा दिया।

विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शासकीय चिकित्सालय लोरमी से  चिकित्सा दल की विशेष व्यवस्था भी की गई थी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके। चिकित्सा दल के इस सहयोग से प्रतिभागियों में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत हुई। चिकित्सा दल में विवेक शर्मा, अनामिका चौहान, जितेन्द्र पाटले, अंजिता सिंह, कुश सिंह, दीपक साहू, सोम सिंह ध्रुव एवं विद्यालय की स्टाफ नर्स भाग्य श्री का सहयोग सराहनीय रहा| 

कार्यक्रम के सफल संचालन में विद्यालय के शिक्षकों—सोहम ठाकुर, अन्नू, विजय कृष्णा सिंह, अनिल राठौड़, शांति मुक्ता कुल्लू, हरिओम शर्मा ने कार्यक्रम एवं साक्षात्कार समन्वय एवं संचालन कार्य, इंदु शर्मा, गौतम गुप्ता, कु. किरण, पूर्णिमा ने पंजीकरण कार्य, हरीश कुमार बांधे, वी. एस. अंकेश ने अल्पाहार व्यवस्था, रेजवाना सरकार, सिबाप्रसाद, गगन यादव, सपन गर्ग ने बैठक व्यवस्था, कोमल, बीनन्दिता सरकार ने अतिथि बैठक एवं भोजन व्यवस्था, सतीश शुक्ला, किशन कुमार ने सजावट व्यवस्था, देबदीप दास, आरती कनवाल, सुजय सिंह, स्नेहा राठौड़, विनोद कुमार, मोनिका ने भोजन व्यवस्था,  प्रियंका गुप्ता, शिवम सिंह, अनुराग सिंह ने कार्यालयी कार्य संबंधित तथा अन्य कर्मचारियों राकेश साहू, तुलाराम, चंदन आदि ने अपने-अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। कार्यक्रम में मंच संचालन का कार्य सोहम ठाकुर रसायन विज्ञान ने किया | इन्होंने आत्मविश्वास के साथ साक्षात्कार देने के लिए प्रेरित किया|  

यह रोजगार मेला विद्यार्थियों के लिए न केवल रोजगार के नए अवसर लेकर आया, बल्कि उनके आत्मविश्वास और कौशल विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यार्थियों ने अपने प्रथम साक्षात्कार के अनुभव को बहुत ही रोमांचकारी बताया| सभी प्रतिभागी कार्यक्रम से पूर्ण संतुष्ट होकर अपने विद्यालय की ओर वापस लौटे|

Post a Comment

0 Comments

POWER NEWS 24 BHARAT™

“आपकी आवाज़, आपकी खबर — हर सच के साथ”


समाचार एवं विज्ञापन के लिए हमसे संपर्क करें

📲 WhatsApp: 7739000835
Call: 9953763334 | +91 97526 08004
Email: powernews24.live@gmail.com


🏢 प्रधान कार्यालय:
पुराना बस स्टैंड, बिलासपुर (छ.ग.)
पिन – 495112

📰 🎥 📡 📢