पी.सी. ज्वैलर्स पर धोखाधड़ी का आरोप: पुरानी अंगूठी की वापसी पर नहीं मिल रही उचित कीमत, सराफा एसोसिएशन ने एसपी से की शिकायत
POWER NEWS 24 BHARAT 🔴 🟡 🟢 🔵 🟣 🟤
बिलासपुर। अग्रसेन चौक स्थित ब्रांडेड ज्वेलरी शोरूम PC Jeweller एक नए विवाद में घिर गया है। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने शोरूम पर ग्राहकों को ठगने और आभूषणों की वापसी (बायबैक) के समय वर्तमान बाजार दर के अनुसार भुगतान न करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने बिलासपुर पुलिस अधीक्षक को औपचारिक शिकायत पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी के अनुसार, खरसिया निवासी पारस पटेल ने 11 जून 2018 को बिलासपुर के अग्रसेन चौक स्थित पी.सी. ज्वैलर्स से हीरा जड़ित सोने की अंगूठी खरीदी थी, जिसका वजन 5.620 ग्राम (14 कैरेट सोना) और 0.46 सेंट हीरा था तथा उस समय इसकी कीमत ₹85,799 थी। पीड़ित का आरोप है कि जब वह उसी अंगूठी को वर्तमान दर पर वापस बेचने शोरूम पहुंचा, तो उसे खरीद मूल्य से भी कम राशि देने की पेशकश की गई, जबकि पिछले आठ वर्षों में सोने की कीमतों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। एसोसिएशन का कहना है कि मेकिंग चार्ज काटने के बाद भी अंगूठी की वर्तमान कीमत लगभग ₹1,17,299 होनी चाहिए, लेकिन शोरूम प्रबंधन इस मूल्य को स्वीकार करने को तैयार नहीं है। वहीं, शोरूम द्वारा दिए गए मूल बिल में सोने की दर, हीरे की कीमत और लेबर चार्ज का अलग-अलग विवरण नहीं दिया गया था और केवल कुल वजन व कुल राशि दर्शाई गई थी, जिसे एसोसिएशन ने ग्राहकों को अंधेरे में रखने की रणनीति बताया है। सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने इसे ब्रांडेड शोरूमों द्वारा किया जा रहा अनुचित व्यापार बताया है और प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि मामले की शिकायत राष्ट्रीय स्तर पर भी की जाएगी, साथ ही Bureau of Indian Standards, उपभोक्ता फोरम सहित अन्य संस्थाओं में शिकायत दर्ज कराकर पूरे छत्तीसगढ़ में जनजागरूकता अभियान और आंदोलन चलाया जाएगा।




Post a Comment
0 Comments