छत्तीसगढ़ सक्ती में वेदांता पावर प्लांट हादसा: 9 मजदूरों की मौत, 40 से अधिक घायल, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
POWER NEWS 24 BHARAT 🔴 🟡 🟢 🔵 🟣 🟤
छत्तीसगढ़/बिलासपुर/सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के डभरा ब्लॉक स्थित ग्राम सिंघनतराई में स्थित Vedanta Limited के पावर प्लांट में बड़ा हादसा सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्लांट के बॉयलर का ट्यूब फटने से भीषण विस्फोट हुआ, जिसमें 9 मजदूरों की मौत और करीब 40-45 मजदूरों के गंभीर रूप से झुलसने की खबर है।
हादसे के तुरंत बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों और हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया है। सूत्रों के अनुसार, अभी भी कुछ मजदूरों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है और राहत व बचाव कार्य लगातार जारी है।
लगातार हो रही औद्योगिक दुर्घटनाओं के बीच इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा विभाग और प्लांट प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा था, क्या बॉयलर की समय पर जांच हुई थी और मजदूरों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं, यह बड़े सवाल बनकर सामने आए हैं। पहले भी ऐसे हादसे सामने आ चुके हैं, जिससे प्रबंधन की लापरवाही पर सवाल और गहरे हो गए हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और मजदूरों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि मजदूरों की जान के साथ लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए गए हैं और स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होने के बाद ही मृतकों और घायलों की संख्या की पुष्टि हो पाएगी।




Post a Comment
0 Comments