बिलासपुर में एसीबी की बड़ी कार्रवाई रिश्वत लेते अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कार्यालय का बाबू गिरफ्तार
POWER NEWS 24 BHARAT 🔴 🟡 🟢 🔵 🟣 🟤
बिलासपुर। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कार्यालय में पदस्थ एक बाबू को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी कर्मचारी की पहचान विजय पाण्डेय के रूप में हुई है, जिसे एसीबी की टीम ने 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा। कार्रवाई के बाद सरकारी कार्यालयों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, कोटा निवासी देवेंद्र कश्यप के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई थी, जिसमें उन पर एक लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया था। आरोप है कि इस कार्रवाई को प्रभावित करने और जुर्माने की राशि कम कराने के एवज में बाबू विजय पाण्डेय ने रिश्वत की मांग की थी।
पीड़ित द्वारा इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से किए जाने के बाद एसीबी ने पूरे मामले की सत्यापन प्रक्रिया पूरी की। शिकायत सही पाए जाने पर टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान एसीबी अधिकारियों ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम भी बरामद की है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसीबी की इस कार्रवाई को जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में शिकायत मिलने पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


Post a Comment
0 Comments