Type Here to Get Search Results !

तखतपुर-बरेला मार्ग की जल्द होगी मरम्मत, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने दिए निर्देश

तखतपुर-बरेला मार्ग की जल्द होगी मरम्मत, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने दिए निर्देश 

POWER NEWS 24 BHARAT 🟠🟠

मुंगेली: 19 अगस्त 2026

मुंगेली में आयोजित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने जिले की यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों, ब्लैक स्पॉट, सड़क की स्थिति, यातायात जागरूकता और सुरक्षा उपायों की विस्तृत समीक्षा की गई।

तखतपुर-बरेला मार्ग की मरम्मत के निर्देश

केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने तखतपुर-बरेला मार्ग की खराब स्थिति पर विशेष चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सड़क की शीघ्र मरम्मत कर उसे आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सड़क की स्थिति में तत्काल सुधार किया जाए।

ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा उपायों पर जोर

बैठक में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और ब्लैक स्पॉट का चिन्हांकन कर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। जरूरत के अनुसार स्पीड ब्रेकर, यातायात संकेतक और अन्य सुरक्षा उपकरण लगाने पर भी जोर दिया गया, ताकि वाहन चालकों को समय रहते सावधान किया जा सके और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।


ग्रामीण क्षेत्रों में लगाए जाएंगे ड्राइविंग लाइसेंस कैंप

केंद्रीय राज्यमंत्री ने ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों की सुविधा के लिए कैंप लगाकर ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को लाइसेंस एवं आवश्यक दस्तावेजों के लिए अनावश्यक परेशानी न हो और साथ ही यातायात नियमों के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई जाए।


ओवरस्पीडिंग और ड्रिंक एंड ड्राइव पर सख्ती

बैठक में ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की समीक्षा की गई। ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में नियमानुसार ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्गों और दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों में प्राथमिक उपचार की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे की स्थापना तथा अन्य सड़क सुरक्षा उपायों पर भी चर्चा हुई।

मैदानी स्तर पर दिखे काम के परिणाम

केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने अधिकारियों से कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्य केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि मैदानी स्तर पर प्रभावी परिणाम दिखाई देने चाहिए। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री राहत योजना का शत-प्रतिशत लाभ समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

बैठक में मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, कलेक्टर कुन्दन कुमार, अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, जनपद पंचायत मुंगेली अध्यक्ष रामकमल सिंह परिहार, जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्य संदेश:

 सड़क सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है और सुरक्षित आवागमन के लिए प्रशासन को निरंतर एवं प्रभावी कार्रवाई करनी होगी।



Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad