Type Here to Get Search Results !

मुंगेली में स्काउट-गाइड गतिविधियों को मिलेगा नया विस्तार, हर शनिवार स्कूलों में होगी अनिवार्य गतिविधि

 मुंगेली में स्काउट-गाइड गतिविधियों को मिलेगा नया विस्तार, हर शनिवार स्कूलों में होगी अनिवार्य गतिविधि


नवपदस्थ जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. एम.एल. पटेल का जिला संघ ने किया आत्मीय सम्मान, प्रशिक्षण केंद्र और संगठन विस्तार पर भी हुई महत्वपूर्ण चर्चा

मुंगेली:22 सितम्बर 2026

 जिले के नवपदस्थ जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. एम.एल. पटेल का पदेन जिला आयुक्त, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ मुंगेली के रूप में जिला संघ के पदाधिकारियों ने आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। सम्मान समारोह के बाद जिला शिक्षा अधिकारी कक्ष में जिला संघ की आवश्यक बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्काउट्स एवं गाइड्स की गतिविधियों को जिलेभर में प्रभावी ढंग से संचालित करने सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. एम.एल. पटेल ने कहा कि जिले के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों में स्काउट्स एवं गाइड्स की गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित किया जाएगा। शिक्षा मंत्री के निर्देशानुसार प्रत्येक शनिवार को जिले की सभी शालाओं में स्काउट-गाइड गतिविधियां अनिवार्य रूप से आयोजित करने पर जोर दिया गया। प्राथमिक शालाओं में कब-बुलबुल तथा पूर्व माध्यमिक से हायर सेकेंडरी स्तर तक स्काउट्स एवं गाइड्स की गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात कही गई।

बैठक में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ मुंगेली के नवीन प्रशिक्षण केंद्र को जिला संघ के उपयोग में लाने तथा वहां आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही जिला संघ की कार्यकारिणी में रिक्त पदों पर शीघ्र नवीन नियुक्तियां किए जाने तथा जिले के प्राचार्यों एवं सभी स्काउटर-गाइडर के साथ आवश्यक बैठक आयोजित कर आगामी कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति बनी।

इस अवसर पर जिला मुख्य आयुक्त राणा प्रताप सिंह ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष संजय त्रिपाठी, शैलेंद्र तिवारी एवं रामशरण यादव, जिला कोषाध्यक्ष संतोष कुमार यादव, जिला मुख्यालय आयुक्त अशोक सोनी, जिला प्रशिक्षण आयुक्त राजेंद्र दिवाकर, जिला सचिव एवं जिला संगठन आयुक्त मोनू बेलदार, जिला संगठन आयुक्त (गाइड)  सृष्टि शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad