कोनी पुलिस ने चोरी के तीन मामलों का किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; ₹4.81 लाख का मशरूका बरामद
बिलासपुर। थाना कोनी पुलिस ने चोरी के तीन अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को किशोर न्यायालय, बिलासपुर के समक्ष पेश किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल ₹4,81,488 कीमती चोरी का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक थाना कोनी क्षेत्र में 18 अगस्त, 10 सितंबर और 15 सितंबर 2026 को अज्ञात आरोपियों ने रात के समय घरों का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और अन्य सामान चोरी किया था। प्रार्थियों की रिपोर्ट पर थाना कोनी में अपराध क्रमांक 469/2026, 503/2026 एवं 512/2026 के तहत धारा 331(3), 305(a), 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। संपत्ति संबंधी अपराधों के त्वरित निराकरण और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोनी जितेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थलों और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में अपचारी बालक ने अपने साथियों राहुल यादव, भीम शंकर वर्मा उर्फ करिया और राकेश कुमार यादव उर्फ भोलू यादव के साथ मिलकर तीनों चोरी की घटनाओं को अंजाम देना बताया। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने रात के समय अंधेरे का फायदा उठाकर घरों के ताले तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 1 किलो 190 ग्राम चांदी के आभूषण, 12 ग्राम सोने के आभूषण, 2 मोटरसाइकिल, 1 ओप्पो मोबाइल फोन, ₹6,700 नगद और घटना में प्रयुक्त 1 लोहे का सब्बल बरामद किया। बरामद कुल मशरूका की कीमत ₹4,81,488 बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल यादव (22 वर्ष), पिता दिनेश यादव, निवासी ग्राम घुटकू महामाया पारा यादव मोहल्ला; भीम शंकर वर्मा उर्फ करिया (20 वर्ष), पिता स्व. इतवारी वर्मा, निवासी ग्राम घुटकू बस स्टैंड के पास; तथा राकेश कुमार यादव उर्फ भोलू यादव (28 वर्ष), पिता सरजू प्रसाद यादव, निवासी ग्राम घुटकू गोदामपारा, थाना कोनी, बिलासपुर के रूप में हुई है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को किशोर न्यायालय, बिलासपुर के समक्ष पेश किया गया।



Post a Comment
0 Comments