पहले नारियल में धमाका, फिर 3 करोड़ की ‘धनवर्षा’ का झांसा… बोरियों में नकली नोट देकर भोंदू बाबा ने ठगा
नासिक। महाराष्ट्र के नासिक जिले में धनवर्षा और मंत्र-तंत्र के नाम पर करोड़ों रुपये मिलने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले कथित भोंदू बाबा हीराचंद बर्डे समेत 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला कलवण तहसील के पिंपले खुर्द गांव का बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने मुंबई के कुछ परिवारों को विश्वास दिलाया कि विशेष पूजा, मंत्र-तंत्र और तांत्रिक विधि से उनके पैसे कई गुना बढ़ जाएंगे। शुरुआत में प्रत्येक व्यक्ति से 1 हजार रुपये लेकर उसे 2 लाख रुपये बनाने का दावा किया गया। इसके बाद गिरोह ने पांच लोगों से कुल 10 लाख 55 हजार रुपये वसूल लिए।
नारियल में विस्फोट कर दिखाया ‘चमत्कार’
पीड़ितों का आरोप है कि पूजा के दौरान बाबा और उसके साथियों ने नारियल में विस्फोट कर इसे चमत्कार के रूप में पेश किया। इससे लोगों को यकीन दिलाया गया कि बाबा के पास अलौकिक शक्तियां हैं और जल्द ही उनके ऊपर करोड़ों रुपये की धनवर्षा होगी।
बोरी में ऊपर असली नोट, अंदर नकली बंडल
आरोपियों ने कथित तौर पर करीब 3 करोड़ रुपये की धनवर्षा होने का दावा करते हुए पीड़ितों को बोरियों में नोट भरकर दिए। उन्हें सख्त हिदायत दी गई कि बोरी को 7 दिन तक नहीं खोलना है। जब सात दिन बाद बोरी खोली गई तो ऊपर एक असली नोट रखा मिला, जबकि नीचे रखे अधिकांश नोटों के बंडल नकली निकले।
पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी
पीड़ितों ने जब अपने रुपये वापस मांगे तो आरोप है कि उन्हें गायब करने और जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद पीड़ितों ने महाराष्ट्र अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति की मदद ली और अभोणा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने जादूटोना विरोधी कानून और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर हीराचंद बर्डे सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस गिरोह से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस तरह की ठगी के और कि तने शिकार हुए हैं।

Post a Comment
0 Comments