चकरभाठा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अड्डेबाजी और नशाखोरी पर शिकंजा, 9 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अशांति फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अड्डेबाजी, नशाखोरी और मारपीट जैसी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में 9 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने और सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने वालों, मारपीट करने वालों, अड्डेबाजों एवं नशाखोरी से जुड़े लोगों पर कार्रवाई के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश प्राप्त हुए थे। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा के मार्गदर्शन में थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जीत वर्मा (28), पप्पू उर्फ गुलशन पाण्डेय (24), समीर दास मानिकपुरी (20), प्रियांशु वर्मा (21), हर्षवर्धन उर्फ मोन्टू वर्मा (18 वर्ष 7 माह), आयुष्मान वर्मा (21), रमेश उर्फ पाण्डो मेरसा (22), करन सोनवानी (23) और शत्रुहन निषाद (34) के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। पुलिस ने सभी 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। चकरभाठा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या अपराध की जानकारी मिलने पर तत्काल डायल 112 या चकरभाठा थाना में सूचना दें।



Post a Comment
0 Comments