12 साल की नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप में 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार, चकरभाठा पुलिस ने बच्ची को बरामद किया
बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र में 12 वर्ष 4 माह की नाबालिग बच्ची के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की और बच्ची को आरोपी के कब्जे से बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को बच्ची के परिजनों ने चकरभाठा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना स्तर पर टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने संभावित ठिकानों और उपलब्ध जानकारी के आधार पर पतासाजी की। इसी दौरान मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग बच्ची को बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक, बच्ची से विधिवत पूछताछ में उसने आरोपी द्वारा बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म किए जाने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी राकेश जांगड़े, पिता बहादुर जांगड़े, उम्र 22 वर्ष, निवासी डीगोरा चरोटी, थाना पथरिया, जिला मुंगेली को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ धारा 137(2), 64(2)(M) BNS तथा धारा 4 और 6 पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जाएगा।चकरभाठा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अपराध या अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल डायल 112 या चकरभाठा थाना को सूचना दें।


Post a Comment
0 Comments