सकरी पुलिस ने छेड़छाड़ के आरोपी को किया गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा
बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में महिला से छेड़छाड़, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में सकरी पुलिस ने रतन मसीह (40 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 2 सितंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे महिला अपने घर के बाहर सड़क पर मोबाइल से बात कर रही थी। इसी दौरान आरोपी रतन मसीह कथित तौर पर शराब के नशे में वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने महिला के होठ पकड़कर खींचे और अपनी ओर खींचने का प्रयास किया। महिला के विरोध करने पर उसे धक्का देकर पीछे कर दिया गया।
महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ छेड़छाड़ की। शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी पहले भी आंख मारकर अश्लील इशारे करता था।
शिकायत पर दर्ज हुआ अपराध
पीड़िता ने 4 सितंबर 2026 को सकरी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 818/2026 के तहत धारा 74, 296, 351(3) बीएनएस में मामला दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में सकरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
न्यायालय में पेश किया गया
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रतन मसीह पिता मालिक राम मसीह, उम्र 40 वर्ष, निवासी उषा उपवन कॉलोनी लोखंडी, थाना सकरी, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।





Post a Comment
0 Comments