ADD US AS A PREFERRED SOURCE
Follow Us On Google Join my WhatsApp group

बिलासपुर पुलिस का तीन दिवसीय रेंज स्तरीय रिफ्रेशर कोर्स संपन्न, 150 पुलिसकर्मियों ने लिया प्रशिक्षण

बिलासपुर पुलिस का तीन दिवसीय रेंज स्तरीय रिफ्रेशर कोर्स संपन्न, 150 पुलिसकर्मियों ने लिया प्रशिक्षण

बिलासपुर। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यकुशलता, विवेचना क्षमता और व्यावसायिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से रक्षित आरक्षी केंद्र बिलासपुर के चेतना हॉल में तीन दिवसीय रेंज स्तरीय रिफ्रेशर कोर्स का आयोजन किया गया। पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज श्री रामगोपाल गर्ग के निर्देश और उप पुलिस महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण के प्रथम बैच में बिलासपुर रेंज के विभिन्न जिलों से आरक्षक से निरीक्षक स्तर तक के करीब 150 अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।

प्रशिक्षण का शुभारंभ एसएसपी श्री रजनेश सिंह ने किया। उन्होंने नवीन कानूनों में हुए बदलावों और पुलिसिंग में तकनीक के बढ़ते उपयोग को देखते हुए नियमित प्रशिक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रिफ्रेशर कोर्स से पुलिसकर्मियों को कार्य के दौरान आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों से निपटने और विवेचना को अधिक प्रभावी एवं विधिसम्मत बनाने में मदद मिलती है।

BNS, BNSS और BSA पर विशेष प्रशिक्षण

प्रशिक्षण के दौरान भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के महत्वपूर्ण प्रावधानों और उनमें हुए बदलावों की जानकारी दी गई। साथ ही विवेचना के दौरान नवीन कानूनी प्रावधानों को व्यवहार में लागू करने को लेकर प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा साइबर सुरक्षा, CCTNS और फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की भूमिका एवं उपयोगिता पर भी प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए।

पीटी-परेड, शस्त्र प्रशिक्षण और बलवा ड्रिल

आउटडोर प्रशिक्षण में पुलिसकर्मियों को पीटी-परेड, शस्त्रों को खोलने-जोड़ने तथा बलवा नियंत्रण ड्रिल का अभ्यास कराया गया। इसका उद्देश्य पुलिस बल की शारीरिक दक्षता, अनुशासन, टीमवर्क और कानून-व्यवस्था की परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई की क्षमता को मजबूत करना रहा।

तनाव प्रबंधन और योग पर भी सत्र

पुलिसकर्मियों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ब्रह्माकुमारी संस्था की स्वाति दीदी ने तनाव प्रबंधन पर विशेष सत्र लिया। योग एवं फिजियोथैरेपी के माध्यम से तनाव कम करने और कार्य के दौरान मानसिक संतुलन बनाए रखने के उपाय भी बताए गए।

IG ने बीट सिस्टम की उपयोगिता पर दिया जोर

समापन सत्र में पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज श्री रामगोपाल गर्ग ने प्रशिक्षणार्थियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने विवेचना एवं पुलिस कार्यप्रणाली से जुड़े सवाल पूछते हुए प्रशिक्षण के अनुभवों पर चर्चा की। आईजी ने बीट सिस्टम को प्रभावी पुलिसिंग का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि मजबूत बीट पुलिसिंग से क्षेत्र की गतिविधियों, संदिग्ध व्यक्तियों और स्थानीय परिस्थितियों की जानकारी लगातार मिलती रहती है। उन्होंने ज्वेलरी शॉप में हुई लूट की घटना का उदाहरण देते हुए बताया कि स्थानीय स्तर की जानकारी और पुलिस के समन्वित प्रयासों से आरोपियों की पहचान करने में मदद मिली।

सामुदायिक पुलिसिंग पर भी चर्चा

समापन सत्र में पुलिस और आम नागरिकों के बीच बेहतर संवाद, विश्वास एवं समन्वय स्थापित करने पर भी चर्चा हुई। सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षणार्थियों से संवाद किया गया। तीन दिवसीय प्रशिक्षण के अंत में सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान नवीन आपराधिक कानूनों, विवेचना, साइबर सुरक्षा, CCTNS, FSL, शस्त्र प्रशिक्षण, बलवा नियंत्रण, तनाव प्रबंधन, योग और सामुदायिक पुलिसिंग सहित पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न विषयों पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अद्यतन जानकारी दी गई। 

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad

Below Post Ad

Diwali - POWER NEWS 24 BHARAT