Type Here to Get Search Results !

रात के अंधेरे में कैश से भरा सेफ ले उड़े चोर, सिविल लाइन पुलिस ने दबोचा; 4.83 लाख समेत सेफ बरामद

रात के अंधेरे में कैश से भरा सेफ ले उड़े चोर, सिविल लाइन पुलिस ने दबोचा; 4.83 लाख समेत सेफ बरामद

बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में जूडियो स्टोर में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। रात के अंधेरे में स्टोर में घुसे चोर कैश से भरा सेफ ही उठाकर ले गए थे। मामले में सिविल लाइन पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 4 लाख 83 हजार रुपये की पूरी नकदी और चोरी किया गया सेफ बरामद कर लिया है।

दरअसल, जूडियो स्टोर के मैनेजर बीरू कुमार खांडेकर ने सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि करीब 1 बजे से 2:23 बजे के बीच दो अज्ञात लोगों ने बेसमेंट के कांच के गेट का ताला तोड़कर स्टोर में प्रवेश किया। इसके बाद आरोपियों ने कैश ऑफिस में रखे सेफ को उठाया और मौके से फरार हो गए।

सेफ में पिछले दो दिनों की बिक्री की रकम और स्टोर की अन्य नकदी समेत करीब 4,83,000 रुपये रखे हुए थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपियों की जल्द पतासाजी कर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक किशोर केवट के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने स्टोर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला। इसके साथ ही बीट आरक्षकों से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई।

इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कस्तूरबा नगर इलाके में कुछ लोग जूडियो स्टोर में हुई चोरी के सामान को लेकर बातचीत कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दो संदिग्धों को हिरासत में लिया।

पूछताछ में कबूला चोरी का आरोप

पुलिस ने रमेश सिंह (40 वर्ष) निवासी सिंधी कॉलोनी कस्तूरबा नगर और पुष्पेन्द्र यादव (45 वर्ष) निवासी डीपी विप्र कॉलेज के पीछे टिकरापारा को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों ने जूडियो स्टोर में चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया कैश सेफ और उसमें रखी 4 लाख 83 हजार रुपये की नकदी बरामद कर ली। बरामद सामान को विधिवत जब्त करने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

1. रमेश सिंह, उम्र 40 वर्ष, निवासी सिंधी कॉलोनी कस्तूरबा नगर, थाना सिविल लाइन, जिला बिलासपुर।

2. पुष्पेन्द्र यादव, उम्र 45 वर्ष, निवासी डीपी विप्र कॉलेज के पीछे टिकरापारा, थाना सिटी कोतवाली, जिला बिलासपुर।

पुलिस ने इस मामले में थाना सिविल लाइन अपराध क्रमांक 1193/2026, धारा 331(4), 305, 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।

इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक किशोर केवट, प्रधान आरक्षक देवमुन पुहुप तथा आरक्षक सोनू पाल, नितेश सिंह, देवेन्द्र दुबे, पुन्नी खांडे, केशव मार्को और विकास राम का विशेष योगदान रहा। 

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad