Type Here to Get Search Results !

साइबर जागृति अभियान के बीच साइबर ठगों का खेल जारी

साइबर जागृति अभियान के बीच साइबर ठगों का खेल जारी

प्रशासन समझा रहा—“ठगी से बचिए”, ठग कह रहे—“बस ऐप डाउनलोड कर लीजिए!

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में साइबर ठगी से बचाने के लिए पुलिस और प्रशासन लगातार साइबर जागृति अभियान चला रहे हैं। जगह-जगह लोगों को समझाया जा रहा है कि अनजान फोन कॉल पर भरोसा न करें, किसी के कहने पर मोबाइल में ऐप डाउनलोड न करें और बैंक खाते, एटीएम, OTP या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

लेकिन सवाल यह है कि इतनी जागरूकता के बावजूद साइबर ठग आखिर लोगों की मेहनत की कमाई तक पहुंच कैसे जा रहे हैं?

ताजा मामला बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां 69 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक साइबर ठगी का शिकार हो गए। आरोप है कि साइबर ठगों ने उन्हें YONO ऐप डाउनलोड कराने के नाम पर फोन किया और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी हासिल करने के बाद उनके खाते से 3 लाख 16 हजार 919 रुपये निकाल लिए।

बताया गया कि 3 सितंबर 2026 की शाम करीब 4:30 बजे सेवानिवृत्त शिक्षक नथ्थूराव करनेवार को कुछ मोबाइल नंबरों से फोन आया। कॉल करने वालों ने उन्हें YONO ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा। बातचीत के दौरान उन्होंने कथित तौर पर बैंक खाते से संबंधित आवश्यक जानकारी साझा कर दी।

इसके कुछ ही समय बाद उनके इंडियन बैंक, ईदगाह चौक शाखा स्थित खाते से ₹3,16,919 की रकम निकल गई।

रकम निकलने की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तत्काल बैंक पहुंचकर अपना डेबिट कार्ड लॉक कराया। साथ ही साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर भी घटना की सूचना दी। साइबर सेल में शिकायत दर्ज होने के बाद उन्हें शिकायत क्रमांक भी प्राप्त हुआ।

इसके बाद 4 सितंबर को सरकंडा थाने में लिखित शिकायत दी गई। पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर धारकों के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अब पुलिस बैंक खाते में हुए लेन-देन, संबंधित मोबाइल नंबरों और अन्य तकनीकी जानकारी की जांच कर कथित आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

अब जरा साइबर जागरूकता का हिसाब भी देखिए...

प्रशासन: अनजान कॉल से सावधान रहिए।

पुलिस: OTP और बैंक की जानकारी किसी को मत दीजिए।

साइबर टीम: अनजान ऐप डाउनलोड मत कीजिए।

और ठग: “सर, बस YONO ऐप डाउनलोड कर लीजिए...”

फिर कुछ ही देर में बैंक बैलेंस ने कहा—हम चलते हैं! 😐

मजाक अपनी जगह, लेकिन मामला बेहद गंभीर है। साइबर ठग लगातार नए-नए तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। कभी बैंक अधिकारी बनकर, कभी KYC अपडेट के नाम पर, कभी बिजली बिल तो कभी किसी ऐप को डाउनलोड कराने के बहाने लोगों से जानकारी हासिल की जाती है।

इस मामले में भी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान व्यक्ति के कहने पर कोई ऐप डाउनलोड न करें और बैंक अकाउंट, ATM, OTP, PIN, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें।

⚠️ याद रखिए

साइबर जागरूकता अभियान सिर्फ सुनने के लिए नहीं है।

मोबाइल पर जब कोई अनजान व्यक्ति पैसे या बैंक की जानकारी मांगे, उसी वक्त जागरूकता काम आनी चाहिए।

क्योंकि साइबर ठग को आपकी पूरी जिंदगी की जमा-पूंजी लूटने के लिए सिर्फ एक गलती का इंतजार रहता है।

POWER NEWS 24 BHARAT

👁️ हर खबर पर नजर 

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad