सागर में संदिग्ध जहरीली शराब से हड़कंप, 6 लोगों की मौत, 5 की हालत गंभीर; प्रशासन-पुलिस मौके पर, जांच शुरू
सागर/बंडा। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा में शनिवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। संदिग्ध परिस्थितियों में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर मरीजों को उपचार के लिए सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, रात में करीब दर्जनभर लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें बंडा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान छह लोगों ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक तौर पर जहरीली शराब पीने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर प्रतिभा पाल और पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया समेत प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी बंडा पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पूरे मामले की जांच शुरू कराई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
मृतकों में शामिल
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान गोलू उर्फ चमन लोधी (45), दिग्विजय लोधी (28), करतार सिंह लोधी (30), उजियार सिंह लोधी (56), रोशन लोधी (30) और राजेंद्र लोधी (32) के रूप में हुई है।
5 मरीज BMC रेफर
गंभीर हालत में हरनाम राय (42), उत्तम नत्थू नायक (42), मंगल रजक (40), परम आदिवासी और धनसिंह आदिवासी (30) को BMC सागर भेजा गया है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन घटना के हर पहलू की जांच कर रहे हैं। जहरीली शराब से मौत की आशंका की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के बाद ही मौतों की असली वजह सामने आएगी।




Post a Comment
0 Comments