Type Here to Get Search Results !

फैंसी ड्रेस में नन्हे-मुन्नों ने दिया हेल्दी फ्रूट्स अपनाने का संदेश, जंक फूड से दूरी का किया आह्वान

फैंसी ड्रेस में नन्हे-मुन्नों ने दिया हेल्दी फ्रूट्स अपनाने का संदेश, जंक फूड से दूरी का किया आह्वान


बिलासपुर। गणेश उत्सव के अवसर पर शहर में भक्ति, उत्साह और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का दौर जारी है। इसी कड़ी में सरकंडा स्थित राजस्व कॉलोनी के संजय हाइट्स में गणेश उत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। पिछले 17 वर्षों से आयोजित हो रहे गणेश उत्सव में इस बार भी बच्चों और कॉलोनीवासियों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। संजय हाइट्स में प्रतिदिन शाम भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के साथ भोग-प्रसाद और भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही बच्चों की प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से डांस, पेंटिंग और फैंसी ड्रेस सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं। शनिवार को बच्चों के लिए डांस प्रतियोगिता हुई, जबकि रविवार को पेंटिंग और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में कॉलोनी के नन्हे-मुन्नों ने अलग-अलग वेशभूषाओं में आकर्षक प्रस्तुतियां दीं और मनोरंजन के साथ सामाजिक संदेश भी दिए। बच्चों ने विशेष रूप से स्वस्थ खान-पान अपनाने और जंक फूड से दूरी बनाए रखने का संदेश देकर उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। पंकजा सोनी ने हेल्दी और अनहेल्दी फ्रूट्स के माध्यम से बच्चों को पौष्टिक आहार के महत्व का संदेश दिया। वहीं शोभित सोनी ने ओरल हाइजीन के प्रति जागरूक किया। इसके अलावा कुशाग्र ने शहीद भगत सिंह, रौनक ने फिल्म पुष्पा के पुष्पराज, जयशल ने टीचर, दित्या ने बरसाने की राधा और नन्ही सिया ने परी की वेशभूषा में शानदार प्रस्तुति दी। बच्चों की आकर्षक वेशभूषा और उनके द्वारा प्रस्तुत किए गए सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी संदेशों को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को दर्शकों की जमकर तालियां मिलीं और अभिभावकों व कॉलोनीवासियों ने उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में सीमा साहू, शारदा राव, आशा कश्यप, मेनका गोपाल, शोभा सोनी, शिवली, लावण्या, कनक, निशा मरावी, भावना जायसवाल, शालिनी, पूनम, अनिता दीवान, शालू राजपूत, वंशिका सहित कॉलोनी के अनेक सदस्य मौजूद रहे। सोसायटी के अध्यक्ष सुरेश साहू, कोषाध्यक्ष वेंकट राव और सचिव विश्वनाथ कश्यप ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच देने के साथ-साथ उन्हें स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। 

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad