बारिश ने खोली व्यवस्था की पोल: गोकने नाला उफान पर, सड़क-पुल बहा, रहवासियों ने पहले ही दी थी चेतावनी
बिलासपुर। लगातार हो रही बारिश के बीच तिफरा जोन क्रमांक-2 के खुशी विहार, मन्नाडोल और सब्जी मंडी रोड क्षेत्र में जल निकासी और सड़क व्यवस्था की बदहाली सामने आई है। गोकने नाला में पानी का तेज बहाव आने से खुशी विहार-मन्नाडोल को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। नाले पर डाला गया पाइप भी पानी के तेज बहाव में बह गया, जिसके बाद लोगों का आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है।
स्थानीय रहवासियों के अनुसार झूलेलाल मंगलम के सामने से खुशी विहार-मन्नाडोल की ओर जाने वाले रास्ते पर बारिश के दौरान नाले का पानी तेजी से बढ़ता है। कई बार पानी 4 से 5 फीट तक सड़क और पुल के ऊपर तेज बहाव के साथ बहने लगता है। ऐसे हालात में क्षेत्र के लोगों के लिए घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो जाता है। स्कूली बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी होती है, वहीं बुजुर्गों और बीमार लोगों को इलाज के लिए बाहर ले जाना भी चुनौती बन जाता है।
रहवासियों का कहना है कि इस रास्ते पर पहले भी बारिश के दौरान जनहानि और पशुओं के बहने जैसी घटनाएं हो चुकी हैं। हर साल बारिश के मौसम में यहां अनहोनी का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद नाले पर स्थायी और सुरक्षित पुल निर्माण तथा पर्याप्त जल निकासी की व्यवस्था नहीं हो सकी।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि क्षेत्र के रहवासियों ने इस समस्या को लेकर जोन कमिश्नर, जोन क्रमांक-2 तिफरा को पहले ही लिखित आवेदन देकर अवगत कराया था। आवेदन में रहवासियों ने बताया था कि बारिश के दौरान पूरा इलाका जलमग्न हो जाता है और पानी कॉलोनी तथा आसपास के घरों तक पहुंच जाता है। पानी का बहाव इतना तेज होता है कि रास्ते पर बनी अस्थायी व्यवस्था तक बह जाती है।
देखे पूरी खबर हमारे यूट्यूब चैनल पर.....
अब सवाल यह है कि जब स्थानीय लोगों ने पहले ही जिम्मेदार अधिकारियों को समस्या और संभावित खतरे की जानकारी दे दी थी, तो समय रहते इसका स्थायी समाधान क्यों नहीं किया गया? क्या जिम्मेदार विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा था?
बारिश का पानी उतर गया, लेकिन अपने पीछे जर्जर सड़क, गड्ढे और आवागमन की परेशानी छोड़ गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश के बाद अस्थायी मरम्मत से समस्या का समाधान करने के बजाय नाले की क्षमता के अनुसार स्थायी पुल और बेहतर जल निकासी व्यवस्था की जरूरत है।
खुशी विहार, मन्नाडोल और आसपास के रहवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि मौके का तत्काल निरीक्षण कराया जाए, क्षतिग्रस्त सड़क की जल्द मरम्मत की जाए और नाले पर मजबूत एवं सुरक्षित पुल का निर्माण कराया जाए, ताकि बारिश के दौरान लोगों को जान जोखिम में डालकर रास्ता पार न करना पड़े।
अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार विभाग इस बार भी सिर्फ पानी उतरने का इंतजार करता है या फिर रहवासियों की पहले से दी गई शिकायत को गंभीरता से लेते हुए समस्या का स्थायी समाधान करता है।
POWER NEWS 24 BHARAT
हर खबर पर नजर 👁️







Post a Comment
0 Comments