Type Here to Get Search Results !

बिलासपुर में गुपचुप-चाट खाने से सकरी परसदा का साहू परिवार बीमार, 7 लोग सिम्स में भर्ती; जांच शुरू

बिलासपुर में गुपचुप-चाट खाने से सकरी परसदा का साहू परिवार बीमार, 7 लोग सिम्स में भर्ती; जांच शुरू

बिलासपुर। दुर्गोत्सव के दौरान बिलासपुर में गुपचुप और चाट खाने के बाद सकरी परसदा निवासी साहू परिवार के सात लोग बीमार पड़ गए। सभी को उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में भर्ती कराया गया। बीमारों में बच्चे भी शामिल हैं। डॉक्टरों के अनुसार, फूड पॉइजनिंग की पुष्टि हुई है। फिलहाल सभी मरीजों की हालत सामान्य बताई जा रही है।

सीएमडी कॉलेज के पास ठेले पर खाई थी गुपचुप-चाट

परिजनों के मुताबिक, रविवार रात महेश साहू अपने परिवार के साथ दुर्गा प्रतिमाएं देखने बिलासपुर आए थे। रात करीब 12 बजे परिवार ने सीएमडी कॉलेज के पास एक ठेले पर गुपचुप और चाट खाई। इसके बाद सभी सकरी क्षेत्र के परसदा स्थित अपने गांव लौट गए।

सोमवार सुबह परिवार के सदस्यों को एक-एक कर उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी। कुछ ही समय में सात लोगों की तबीयत बिगड़ गई। दोपहर करीब 12 बजे हालत ज्यादा खराब होने पर परिजन सभी को इलाज के लिए सिम्स लेकर पहुंचे।

छह साल का बच्चा भी बीमार

सिम्स में भर्ती मरीजों में संतोषी साहू (27), महेश साहू (32), सोमेश साहू (15), सुमन साहू (18), सुजीता साहू (14), प्रभा साहू (26) और शिवांश साहू (6) शामिल हैं। छह वर्षीय शिवांश को बाल रोग विभाग में भर्ती किया गया था। सोमवार दोपहर उसकी तबीयत बिगड़ी थी, लेकिन शाम तक उसकी स्थिति सामान्य हो गई।

मामले की जांच शुरू, खाद्य सामग्री के सैंपल लिए गए

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गए। जिस ठेले पर परिवार ने गुपचुप और चाट खाई थी, वहां की खाद्य सामग्री, गुपचुप का पानी और अन्य संबंधित सामग्री के सैंपल लिए गए हैं। इन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि बीमारी के कारणों का पता लगाया जा सके। इस घटना के बाद शहर के जागरूक नागरिकों में स्ट्रीट फूड विक्रेताओं की खाद्य गुणवत्ता की जांच और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी है। हालांकि, संबंधित ठेले की सामग्री में गड़बड़ी होने की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

सभी मरीजों का इलाज जारी

सिम्स के अस्पताल अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने बताया कि गुपचुप खाने के बाद एक ही परिवार के सात लोग बीमार पड़ गए हैं। फूड पॉइजनिंग की आशंका के बीच सभी का इलाज किया जा रहा है। डॉ. लखन सिंह, एमएस, सिम्स ने बताया "गुपचुप खाने के बाद एक ही परिवार के सात लोग बीमार पड़ गए हैं। फूड पॉइजनिंग की आशंका है। सभी का इलाज किया जा रहा है।"

फिलहाल सकरी परसदा निवासी साहू परिवार के सभी सात सदस्यों की हालत सामान्य बताई जा रही है। खाद्य सामग्री के सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। 

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad

Below Post Ad

अमेरी की महारानी मां दुर्गा
विज्ञापन के लिए सम्पर्क करें - 8349600835