संसद भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी बिलासपुर की प्रशंसा पांडे, महाविद्यालय में हुआ सम्मान
2 अक्टूबर को नई दिल्ली में नेशनल यूथ पार्लियामेंट के तहत प्रदेश का करेंगी प्रतिनिधित्व, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय से मिल चुका है यूथ आइकॉन का सम्मान
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर की बेटी प्रशंसा पांडे 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर नई दिल्ली स्थित संसद भवन में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस उपलब्धि पर संसद भवन के लिए रवाना होने से पहले शासकीय बिलासा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बिलासपुर में उनका सम्मान किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य कमलेश सर सहित प्राध्यापकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रशंसा पांडे के संसद भवन में प्रतिनिधित्व के लिए चयनित होने पर महाविद्यालय में उत्साह का माहौल रहा। इस अवसर पर प्रोफेसर मंजू माधुरी बाजपेयी, चौधरी सर, सिन्हा मैडम, सीमा मिश्रा और डॉ. पूजा शर्मा सहित अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे। सभी ने प्रशंसा पांडे का अभिनंदन कर उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।
नेशनल यूथ पार्लियामेंट की प्रदेश विजेता हैं प्रशंसा
प्रशंसा पांडे ने युवा नेतृत्व के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। वे नेशनल यूथ पार्लियामेंट की प्रदेश विजेता रह चुकी हैं। इसके अलावा विकसित भारत लीडर्स डायलॉग में भी उन्होंने राज्य स्तर पर अपनी उपलब्धि दर्ज कराई है। पिछले दो वर्षों से वे नेशनल यूथ पार्लियामेंट के माध्यम से विधानसभा स्तर पर युवाओं का प्रतिनिधित्व करती आ रही हैं।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय से मिल चुका है यूथ आइकॉन सम्मान
युवा नेतृत्व और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रशंसा पांडे को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से यूथ आइकॉन की उपाधि भी प्रदान की गई है। इस भूमिका में उन्होंने नशामुक्त भारत अभियान सहित युवाओं से जुड़े विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों में भाग लिया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री के साथ आयोजित 'खेल की बात' और युवा संवाद जैसे कार्यक्रमों में भी उन्होंने यूथ आइकॉन के रूप में सहभागिता की है। उनकी इन गतिविधियों ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया है।
बिलासपुर के लिए गौरव का क्षण
संसद भवन, नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रशंसा पांडे का चयन उनकी निरंतर मेहनत, युवा नेतृत्व और राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय सहभागिता का परिणाम है। उनकी इस उपलब्धि से बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में गौरव का माहौल है। शासकीय बिलासा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हुए सम्मान समारोह के दौरान प्राध्यापकों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संसद भवन में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने जा रहीं प्रशंसा पांडे की यह उपलब्धि अन्य युवाओं, विशेषकर छात्राओं के लिए भी प्रेरणादायक है। बिलासपुर की बेटी प्रशंसा पांडे का संसद भवन तक पहुंचना शहर और प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।




Post a Comment
0 Comments