थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में रतनपुर में दो घरों/आश्रम में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
चंद घंटों में पुलिस ने सुलझाई वारदात, ₹2.14 लाख के सोने-चांदी के जेवर, कपड़े व नगदी बरामद
बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुई चोरी की दो वारदातों का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, कपड़े और नगदी समेत कुल करीब ₹2 लाख 14 हजार की चोरी की संपत्ति बरामद की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार ढोलपारा रतनपुर निवासी बलराम बरगाह ने थाना रतनपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 अक्टूबर 2026 की रात वह अपने घर में अकेले सोया था। सुबह उठने पर उसने देखा कि घर का दरवाजा खुला हुआ था। घर के अंदर रखी पेटी की जांच करने पर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और कपड़े गायब मिले। चोरी गए सामान में एक जोड़ी चांदी के लच्छे, एक ब्रेसलेट, चांदी की चेन, एक जोड़ी चूड़ा, सोने का मंगलसूत्र, सोने की फुल्ली, एक जोड़ी टॉप तथा करीब 10-12 साड़ियां शामिल थीं। प्रार्थी के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग ₹1.60 लाख थी।
इसी रात सदगुरु कबीर आश्रम रतनपुर में भी चोरी की वारदात हुई। आश्रम के कमरे का ताला तोड़कर वहां रखा करीब 500 ग्राम वजन का चांदी का छत्र, जिसकी कीमत लगभग ₹80 हजार बताई गई, अज्ञात चोर चोरी कर ले गए।
दोनों मामलों में रतनपुर पुलिस ने अपराध दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित की और आरोपियों की पतासाजी के लिए मुखबिरों को सक्रिय किया। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध व्यक्ति सोने-चांदी के सामान को औने-पौने दाम में बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बलराम बरगाह के घर और सदगुरु कबीर आश्रम में चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर, कपड़े एवं नगदी रकम बरामद की। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब ₹2,14,000 बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामकुमार केंवट पिता बेदप्रसाद केंवट, उम्र 35 वर्ष, निवासी ढोलपारा करैहापारा रतनपुर तथा जोतराम केंवट पिता धनीराम केंवट, उम्र 28 वर्ष, निवासी खाल्हेपारा करैहापारा रतनपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनपुर निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, आरक्षक देवानंद चन्द्राकर एवं आरक्षक आकाश डोंगरे का विशेष योगदान रहा।




Post a Comment
0 Comments