ब्रेकिंग न्यूज़

पीएन तिवारी के स्थानांतरण के विरोध में अनिश्चितकालीन धरना जारी, आंदोलन तेज करने की चेतावनी

POWER NEWS 24 BHARAT
By -

पीएन तिवारी के स्थानांतरण के विरोध में अनिश्चितकालीन धरना जारी, आंदोलन तेज करने की चेतावनी


पश्चिमी झरिया। पीएन तिवारी के स्थानांतरण के विरोध में बिहार कोलियरी कामगार यूनियन, पश्चिमी झरिया क्षेत्र का पूर्व घोषित अनिश्चितकालीन धरना 24 नवंबर 2026 को भी जारी रहा। धरना स्थल पर यूनियन के केंद्रीय एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों ने प्रबंधन के स्थानांतरण आदेश पर कड़ी आपत्ति जताते हुए आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी।

धरना को संबोधित करते हुए बिहार कोलियरी कामगार यूनियन के भारत कोकिंग कोल लिमिटेड कंपनी स्तरीय सुरक्षा समिति बोर्ड के सदस्य सह केंद्रीय संगठन सचिव कामरेड आनंदमय पाल ने कहा कि कामरेड पीएन तिवारी का स्थानांतरण नियम विरुद्ध है। संगठन इस मामले को गंभीरता से ले रहा है और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और व्यापक एवं तेज किया जाएगा।

वहीं, केंद्रीय सचिव कामरेड जेके झा ने कहा कि कामरेड पीएन तिवारी के क्षेत्रीय सचिव बनने के बाद से कथित तौर पर यूनियन विरोधी गतिविधियों के जरिए प्रबंधन को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह स्थानांतरण मजदूर विरोधी है और श्रम कानूनों के विपरीत है। उनका कहना था कि यूनियन के अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष संरक्षित श्रमिक (प्रोटेक्टेड वर्कमैन) की श्रेणी में आते हैं और उनके स्थानांतरण से संगठनात्मक गतिविधियां प्रभावित होती हैं।

यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन के केंद्रीय महामंत्री कामरेड अरूप चटर्जी इस मामले को लेकर मुख्यालय स्तर पर निदेशक से संपर्क कर वार्ता कर चुके हैं। संगठन को उम्मीद है कि प्रबंधन जल्द ही सकारात्मक पहल करते हुए स्थानांतरण आदेश को स्थगित करेगा।

धरना को क्षेत्रीय सचिव देवानंद राजभर, भगतू प्रसाद महतो, पीएन तिवारी, सुखलाल महतो, चक्रधर महतो, मुकुंद महतो, मुन्ना खान, पीएन सिंह, दीपक कुमार महतो, उदय कुमार महतो, पूर्व मुखिया बाबा चरण महतो, माया देवी, उषा देवी एवं संगीता तिवारी सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।

यूनियन पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक स्थानांतरण आदेश पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।