बिलासपुर में गूंजा खतरे का सायरन! हवाई हमले और बमबारी का बनाया गया मंजर, 12 घायलों को सुरक्षित निकालकर दिखाया दमखम
बिलासपुर, 28 नवंबर 2026। अचानक हवाई हमला हो जाए, बमबारी से आग लग जाए या चारों ओर अफरा-तफरी मच जाए, तो ऐसी स्थिति में जान कैसे बचाई जाए? आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की इसी तैयारी को परखने के लिए बिलासपुर के होमगार्ड कैंप में नागरिक सुरक्षा की विशेष मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान हवाई हमले, बमबारी और आग लगने जैसी काल्पनिक परिस्थितियां तैयार की गईं। बचाव दलों ने तत्परता दिखाते हुए 12 घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए पहुंचाने का अभ्यास किया।
नगर सेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं तथा एसडीआरएफ मुख्यालय, छत्तीसगढ़, नवा रायपुर द्वारा कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के निर्देशानुसार इस अभ्यास का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विभागों की टीमों ने एक साथ मोर्चा संभालते हुए अपनी तैयारियों और आपसी समन्वय का प्रदर्शन किया।
सायरन बजते ही जमीन पर लेटे लोग, सिर और कान ढककर बचाव का अभ्यास
मॉक ड्रिल की शुरुआत हवाई हमले की चेतावनी देने वाले सायरन से हुई। सायरन बजते ही प्रतिभागियों ने तत्काल जमीन पर पेट के बल लेटकर दोनों हाथों से सिर और कान ढक लिए। इस अभ्यास के माध्यम से हवाई हमले के दौरान स्वयं को सुरक्षित रखने के जरूरी तरीके बताए गए।
इसके बाद बमबारी के कारण आग लगने की काल्पनिक सूचना दी गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन दल ने घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझाने और स्थिति को नियंत्रित करने की कार्रवाई का प्रदर्शन किया।
बचाव दल ने संभाला मोर्चा, 12 घायलों को सुरक्षित निकाला
काल्पनिक हमले के बाद शुरू हुए राहत एवं बचाव अभियान में एसडीआरएफ, होमगार्ड स्वयंसेवकों और एनसीसी कैडेट्स ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बचाव उपकरणों और स्ट्रेचर की सहायता से 12 घायलों को सुरक्षित स्थान पर निकाला गया और अस्थायी चिकित्सा केंद्र पहुंचाया गया।
यहां स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार देने का अभ्यास किया। वहीं गंभीर रूप से घायल दर्शाए गए व्यक्तियों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का भी प्रदर्शन किया गया।
एक सायरन पर थम गई रोशनी, पूरे क्षेत्र में कराया गया ब्लैकआउट
मॉक ड्रिल का एक महत्वपूर्ण हिस्सा ब्लैकआउट अभ्यास भी रहा। चेतावनी सायरन बजते ही अभ्यास क्षेत्र की इमारतों की लाइटें, बाहरी प्रकाश व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और वाहनों की लाइटें बंद कर दी गईं।
प्रतिभागियों को बताया गया कि रात्रिकालीन हवाई हमले जैसी परिस्थितियों में प्रकाश को नियंत्रित करना क्यों जरूरी है और ऐसी स्थिति में नागरिकों को किन सुरक्षा सावधानियों का पालन करना चाहिए।
देखे पूरा वीडियो.....
घबराएं नहीं, सतर्कता और सूझबूझ से बचाएं अपनी और दूसरों की जान
होमगार्ड के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट दीपांकुर नाथ ने बताया कि इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को आपात परिस्थितियों में घबराने के बजाय सतर्कता और सूझबूझ के साथ काम करने के लिए तैयार करना है। ऐसे अभ्यास से नागरिकों को अपनी और दूसरों की सुरक्षा के तरीके समझने का अवसर मिलता है। साथ ही बचाव दलों की कार्यकुशलता, त्वरित प्रतिक्रिया और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल विकसित होता है।
मॉक ड्रिल में अग्निशमन विभाग, एसडीआरएफ, होमगार्ड, पुलिस बल, एनसीसी कैडेट्स, स्वास्थ्य विभाग और आम नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस अभ्यास के माध्यम से आपदा की स्थिति में तत्काल राहत, बचाव और चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने की तैयारियों का प्रदर्शन किया गया।




