ब्रेकिंग न्यूज़

बिलासपुर: उगते सूर्य को अर्घ्य देकर 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा, अरपा छठघाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

DULAL MUKHERJEE
By -

बिलासपुर: उगते सूर्य को अर्घ्य देकर 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा, अरपा छठघाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब


हजारों व्रतियों ने भगवान भास्कर को दिया अर्घ्य, परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की; डिप्टी सीएम अरुण साव, कलेक्टर और एसएसपी भी पहुंचे घाट

बिलासपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ का सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ समापन हुआ। न्यायधानी बिलासपुर के अरपा नदी तट स्थित देश के सबसे बड़े स्थायी छठघाट पर हजारों की संख्या में व्रती और श्रद्धालु पहुंचे। सिर पर पूजा की टोकरी और दउरे में फल, ठेकुआ सहित पूजा सामग्री लेकर पहुंचीं व्रती महिलाओं ने नदी में खड़े होकर भगवान सूर्य की उपासना की। कच्चे दूध और गंगाजल से अर्घ्य अर्पित कर परिवार, समाज और देश की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। इसी के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा हुआ।

सुबह सूर्य की पहली किरण दिखाई देते ही अरपा घाट पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। व्रतियों ने स्नान-ध्यान कर पूजा की वेदियों पर दीप जलाए और छठी मैया की आराधना की। घाट पर छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। परिवार के सदस्य भी पूजा में शामिल हुए। अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने छठी मैया को प्रणाम कर प्रसाद ग्रहण किया और घर लौटकर परिवार, रिश्तेदारों एवं पड़ोसियों में ठेकुआ सहित अन्य प्रसाद वितरित किया।

इस दौरान डिप्टी सीएम अरुण साव ने भी भगवान सूर्य को जल अर्पित किया। वहीं कलेक्टर और एसएसपी भी अपने परिवार के साथ छठघाट पहुंचे और पूजा-अर्चना में शामिल हुए।

रात 2 बजे से ही घाट पहुंचने लगी थीं मन्नत वाली व्रती

छठ महापर्व के दौरान मनोकामना पूरी होने पर विशेष पूजा की परंपरा भी निभाई गई। मन्नत पूरी होने के बाद कई व्रती महिलाएं सोमवार तड़के करीब 2 बजे ही अपने परिवार के साथ घाट पहुंच गई थीं। उन्होंने अपनी वेदी पर पूजा-अर्चना की और मन्नत के अनुसार कोसी भरने सहित अन्य धार्मिक परंपराएं निभाईं। इसके बाद उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया।

समिति ने श्रद्धालुओं के लिए की विशेष व्यवस्था

मुख्य छठघाट पर पाटलीपुत्र संस्कृति विकास मंच की ओर से व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। तखतपुर, मुंगेली, कोटा और पेंड्रा सहित आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क वाहनों की व्यवस्था की गई थी। गौरेला-पेंड्रा से पहुंचे व्रतियों के ठहरने और भोजन का इंतजाम भी किया गया।

सोमवार सुबह अर्घ्य देने के लिए समिति की ओर से दूध उपलब्ध कराया गया। घाट पर महिलाओं के कपड़े बदलने के लिए अलग व्यवस्था बनाई गई थी। इसके अलावा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया।

150 पुलिस जवान और 150 स्वयंसेवक रहे तैनात

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। करीब 18 एकड़ क्षेत्र में 9 पार्किंग स्थल बनाए गए थे। घाट की साफ-सफाई, लाइटिंग और अन्य व्यवस्थाओं पर लाखों रुपये खर्च किए गए।

व्यवस्था संभालने के लिए करीब 150 स्वयंसेवक और 150 पुलिस जवान तैनात रहे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए डॉक्टरों की टीम, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ और तैराकों की टीम भी मौजूद रही।

शहर के कई इलाकों में भी हुआ छठ महापर्व का आयोजन

अरपा नदी के स्थायी छठघाट के अलावा शहर के कई अन्य इलाकों में भी छठ महापर्व धूमधाम से मनाया गया। गोंड़पारा, जबड़ापारा, कंस्ट्रक्शन कॉलोनी, मरीमाई मंदिर, कोनी, तोरवा और देवरीखुर्द में नदी एवं तालाबों के किनारे श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। इन स्थानों पर सैकड़ों व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।

कंस्ट्रक्शन कॉलोनी में इस बार छठघाट को छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और बस्तर कला की थीम पर सजाया गया था। पिलरों पर पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य और ग्रामीण जीवन से जुड़े चित्र लगाए गए थे। फूलों की लड़ियों और लाल कपड़ों से सजा परिसर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा।

तोरवा घाट पर श्रद्धालुओं को बांटी गई चाय-कॉफी

तोरवा छठघाट पर समिति के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र कुमार दास ने अपनी पत्नी वर्षा दास और परिवार के सदस्यों के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं की सेवा के लिए विशेष स्टॉल लगाया गया, जहां निःशुल्क चाय और कॉफी वितरित की गई।

वहीं देवरीखुर्द घाट पर डॉ. धनंजय पांडेय ने परिवार के साथ पूजा-अर्चना की। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता अभय नारायण राय सहित कई अन्य लोगों ने भी परिवार के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। अरपा छठघाट पर सबसे अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली।

घाट पर मेले जैसा माहौल, पुल से तस्वीरें लेते रहे लोग

छठ पूजा के दौरान घाटों पर मेले जैसा माहौल रहा। बच्चों ने खिलौनों की दुकानों, फास्ट फूड और झूलों का आनंद लिया। वहीं पुल पर खड़े होकर लोग घाट की रोशनी, पूजा-अर्चना और श्रद्धालुओं की भीड़ की तस्वीरें मोबाइल में कैद करते नजर आए।

हालांकि, व्रतियों के घर लौटने के दौरान पुल के पास एक वाहन खराब हो गया, जिससे जाम की स्थिति बन गई। इसके चलते करीब आधे घंटे तक लोगों को रास्ते में फंसे रहना पड़ा।

खरना के प्रसाद के बाद शुरू हुआ था 36 घंटे का निर्जला व्रत

चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हुई थी। पहले दिन व्रतियों ने लौकी-भात बनाकर भोजन किया। इस दौरान छठघाट पर अरपा मैया की महाआरती भी की गई।

दूसरे दिन शनिवार को व्रतियों ने मिट्टी के चूल्हे पर खरना का प्रसाद तैयार किया और छठी मैया को भोग लगाया। इसके बाद प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू किया।

तीसरे दिन रविवार शाम को व्रतियों ने छठघाट पर सामूहिक पूजा-अर्चना कर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। वहीं सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन हुआ। इसके बाद व्रती महिलाओं ने 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया।