गूगल पर कस्टमर केयर नंबर सर्च करना पड़ा भारी, बैंक अधिकारी के खाते से उड़ाए 9.49 लाख रुपए
बिलासपुर में साइबर ठगी का मामला, वॉशिंग मशीन सुधरवाने के लिए किया था नंबर सर्च; वॉट्सऐप पर APK फाइल डाउनलोड कराते ही मोबाइल हुआ हैक
बिलासपुर। ऑनलाइन कस्टमर केयर का नंबर सर्च करना बैंक ऑफ बड़ौदा के एक अधिकारी को महंगा पड़ गया। वॉशिंग मशीन सुधरवाने के लिए गूगल पर कस्टमर केयर का नंबर तलाश रहे अधिकारी को साइबर ठगों ने अपना शिकार बना लिया। ठगों ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताकर वॉट्सऐप पर APK फाइल भेजी और उसे डाउनलोड करा लिया। इसके बाद मोबाइल हैक कर अलग-अलग UPI ट्रांजैक्शन के जरिए बैंक खाते से 9 लाख 49 हजार 364 रुपए पार कर दिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर रेंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कस्टमर केयर के नाम पर ठगों ने बिछाया जाल
पुलिस के अनुसार, सरकंडा क्षेत्र के विवेकानंद नगर मोपका निवासी विपीन किशोर कुजूर (51) बैंक ऑफ बड़ौदा की रहंगी-चकरभाठा शाखा में ज्वाइंट कस्टोडियन अधिकारी हैं। उनकी वॉशिंग मशीन खराब हो गई थी। उसे ठीक कराने के लिए उन्होंने 1 नवंबर को गूगल पर कंपनी का कस्टमर केयर नंबर सर्च किया।
सर्च के दौरान मिले नंबर पर कॉल करने पर दूसरी तरफ मौजूद व्यक्ति ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताया। उसने शिकायत दर्ज करने का झांसा देकर अधिकारी के वॉट्सऐप पर एक APK फाइल भेजी और उसे डाउनलोड करने के लिए कहा।
APK डाउनलोड करते ही हैक हुआ मोबाइल
ठगों के झांसे में आकर अधिकारी ने APK फाइल डाउनलोड कर ली। इसके बाद उसमें अपना नाम, पता और मोबाइल नंबर भी दर्ज किया। हालांकि, शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी। इसी दौरान साइबर ठगों ने उनके मोबाइल तक पहुंच बना ली।
कुछ दिन बाद उनके मोबाइल पर बैंक खाते से पैसे कटने के मैसेज आने लगे। बैंक स्टेटमेंट निकलवाने पर पता चला कि 13 से 15 नवंबर के बीच अलग-अलग UPI ट्रांजैक्शन के माध्यम से खाते से कुल 9 लाख 49 हजार 364 रुपए निकाल लिए गए हैं।
इसके बाद पीड़ित ने साइबर रेंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने BNS की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
OTP और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें
साइबर एक्सपर्ट प्रभाकर तिवारी ने लोगों को ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति बैंक अधिकारी, कंपनी कर्मचारी या परिचित बनकर OTP, पासवर्ड अथवा बैंक खाते से जुड़ी जानकारी मांगे तो उसे साझा न करें। मोबाइल पर आने वाला OTP किसी को भी बताने से बचें।
इसके अलावा अनजान और संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। ऐसे लिंक या फाइल के जरिए मोबाइल और निजी जानकारियों का दुरुपयोग किया जा सकता है। सोशल मीडिया अकाउंट की प्राइवेसी सेटिंग मजबूत रखें और अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित पासवर्ड का इस्तेमाल करें।
फर्जी कस्टमर केयर नंबर से रहें सावधान
गूगल पर कस्टमर केयर नंबर सर्च करते समय भी विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। ठग कई बार सर्च इंजन पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर डाल देते हैं। लोग इन्हें कंपनी का आधिकारिक नंबर समझकर कॉल कर लेते हैं और ठगी का शिकार हो जाते हैं।
किसी भी कंपनी के कस्टमर केयर नंबर पर कॉल करने से पहले उसकी आधिकारिक वेबसाइट या सत्यापित माध्यम से पुष्टि जरूर करें। अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड न करें।
जल्दबाजी और लालच में न लें फैसला: SSP
एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि साइबर ठग लोगों को जल्द फैसला लेने के लिए दबाव बनाते हैं। ऑनलाइन नौकरी, अधिक मुनाफे वाले निवेश, इनाम, गेमिंग और आकर्षक ऑफर के नाम पर पैसे मांगे जाएं तो पहले उनकी पूरी जांच कर लें।
उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से बचने का सबसे प्रभावी तरीका जागरूकता और सतर्कता है। किसी भी अनजान व्यक्ति पर भरोसा करने या ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने से पहले उसकी विश्वसनीयता की जांच जरूर करें।



