ब्रेकिंग न्यूज़

प्रदेश का सबसे बड़ा एसपी कार्यालय हाईटेक सुविधाओं के साथ तैयार, 25 तारीख को सीएम करेंगे लोकार्पण

POWER NEWS 24 BHARAT
By -

प्रदेश का सबसे बड़ा एसपी कार्यालय हाईटेक सुविधाओं के साथ तैयार, 25 तारीख को सीएम करेंगे लोकार्पण


60 कमरों के तीन मंजिला भवन में आधुनिक चैंबर, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, डिजिटल जांच प्रणाली और फरियादियों के लिए विजिटर रूम की सुविधा

बिलासपुर। बिलासपुर में पुलिस प्रशासन को आधुनिक सुविधाओं से लैस नया एसपी कार्यालय मिल गया है। प्रदेश के सबसे बड़े एसपी कार्यालयों में शामिल इस तीन मंजिला भवन का निर्माण पूरा हो चुका है। 60 कमरों वाले इस हाईटेक कार्यालय में पुलिस अधिकारियों के लिए आधुनिक चैंबर, मीटिंग हॉल, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और डिजिटल तकनीक से जुड़े विभिन्न इंतजाम किए गए हैं। आगामी 25 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथों भवन का लोकार्पण प्रस्तावित है।

नए एसपी कार्यालय की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां से जिले के सभी थानों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीधा संपर्क स्थापित किया जा सकेगा। इससे पुलिस अधिकारियों को विभागीय बैठक, अपराध समीक्षा और आवश्यक दिशा-निर्देशों के लिए बार-बार मुख्यालय पहुंचने की जरूरत नहीं होगी। थानेदार अपने थाना क्षेत्र में रहकर ही ऑनलाइन बैठकों में शामिल हो सकेंगे, जिससे समय की बचत के साथ पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

थानों से सीधा संवाद, ऑनलाइन होगी समीक्षा बैठक

नए भवन में एसपी का चैंबर अत्याधुनिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सिस्टम से लैस होगा। इसके माध्यम से जिले के सभी थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों से सीधे संवाद किया जा सकेगा। अपराध समीक्षा, कानून-व्यवस्था की स्थिति और विभागीय निर्देश ऑनलाइन साझा किए जा सकेंगे। इससे पुलिस अधिकारियों के बीच समन्वय बेहतर होगा और कार्यों में तेजी आएगी।

सीसीटीएनएस-2 से डिजिटल होगी जांच प्रक्रिया

नए एसपी कार्यालय में अत्याधुनिक सीसीटीएनएस लैब तैयार की जा रही है। सीसीटीएनएस के दूसरे चरण के माध्यम से जिले के थानों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से बेहतर तरीके से जोड़ा जाएगा। अपराध से संबंधित रिकॉर्ड, केस डायरी, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और जांच से जुड़े दस्तावेजों का प्रबंधन डिजिटल माध्यम से किया जा सकेगा।

न्यायालय के साथ डिजिटल समन्वय की सुविधा भी विकसित की जा रही है, जिससे आवश्यक दस्तावेजों और साक्ष्यों तक पहुंच आसान होगी। इससे पुलिस की जांच प्रक्रिया को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।

60 कमरों में अधिकारियों और शाखाओं के लिए अलग व्यवस्था

तीन मंजिला भवन में एएसपी ग्रामीण मुख्यालय, आरआई कार्यालय, डीसीआरबी, डीसीबी, शिकायत शाखा और एसआरसी शाखा सहित विभिन्न विभागों के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। आधुनिक मीटिंग हॉल में प्रोजेक्टर, प्रेजेंटेशन और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

कार्यालय में तैनात कर्मचारियों को तकनीकी सुविधाओं के संचालन के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। फर्नीचर, स्टेशनरी और अन्य जरूरी सामग्री की खरीदी शासकीय जेम पोर्टल के माध्यम से की गई है।

फरियादियों के लिए विजिटर रूम, परिसर में कैंटीन

नए एसपी कार्यालय में आम नागरिकों की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है। ग्राउंड फ्लोर पर शिकायत लेकर आने वाले फरियादियों के बैठने के लिए अलग विजिटर रूम बनाया गया है। वहीं परिसर में कैंटीन की सुविधा भी रहेगी, जिससे पुलिसकर्मियों और आगंतुकों को चाय-नाश्ता एवं भोजन के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

25 नवंबर को सीएम करेंगे लोकार्पण, एसएसपी ने किया निरीक्षण


नए एसपी कार्यालय के लोकार्पण को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। एसएसपी रजनेश सिंह ने भवन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आगामी 25 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के बिलासपुर प्रवास के दौरान भवन का लोकार्पण किए जाने की संभावना है, हालांकि कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

लोकार्पण की तैयारी के तहत पुराने एसपी कार्यालय के कुछ हिस्सों को ढहाया जा रहा है और नए भवन तक पहुंचने के लिए रास्ता तैयार किया जा रहा है। आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से सुसज्जित यह नया कार्यालय बिलासपुर पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, व्यवस्थित और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।