ब्रेकिंग न्यूज़

सड़क पर गिरा 3 लाख रुपये से भरा बैग, CCTV की मदद से बिलासपुर पुलिस ने ऑटो चालक तक पहुंचकर व्यापारी को लौटाया रकम

POWER NEWS 24 BHARAT
By -

सड़क पर गिरा 3 लाख रुपये से भरा बैग, CCTV की मदद से बिलासपुर पुलिस ने ऑटो चालक तक पहुंचकर व्यापारी को लौटाया रकम


पुराना हाईकोर्ट से व्यापार विहार जाते समय टिकरापारा मामा-भांजा तालाब के पास गिरा था नकदी से भरा बैग, पुलिस की तत्परता और CCTV जांच से सुरक्षित वापस मिली रकम

बिलासपुर। शहर में पुलिस की तत्परता और तकनीकी जांच से एक व्यापारी को बड़ी राहत मिली। एक्टिवा से दुकान जा रहे व्यापारी का करीब 3 लाख रुपये नगद से भरा बैग रास्ते में गिर गया था। शिकायत मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने CCTV फुटेज खंगालकर बैग उठाने वाले व्यक्ति की पहचान की और ऑटो चालक के माध्यम से नकदी से भरा बैग सुरक्षित व्यापारी को वापस दिलाया।

दुकान जाते समय रास्ते में गिरा नकदी से भरा बैग

मामले के अनुसार, पुराना हाईकोर्ट के पीछे निवासी नरेंद्र छुगानी व्यापार विहार एवं तिफरा मंडी में दीपक आलू भंडार के नाम से दुकान संचालित करते हैं। वे 23 जून 2026 को सुबह करीब 9 बजे अपने घर से एक्टिवा पर दुकान जाने के लिए निकले थे।

इस दौरान टिकरापारा स्थित मामा-भांजा तालाब के पास उनकी एक्टिवा में रखा बैग गिर गया। बैग में करीब 3 लाख रुपये नगद रखे हुए थे। काफी तलाश के बाद भी बैग नहीं मिलने पर व्यापारी ने सिटी कोतवाली पहुंचकर पुलिस को इसकी सूचना दी।

CCTV फुटेज खंगालकर तलाश में जुटी पुलिस

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को दी। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक तोप सिंह नवरंग के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने आईटीएमएस बिल्डिंग सहित शहर के विभिन्न स्थानों के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से बैग उठाकर ऑटो चालक को देते हुए दिखाई दिया। इसके बाद ऑटो के नंबर के आधार पर आरटीओ कार्यालय से जानकारी जुटाकर चालक की पहचान की गई।

ऑटो चालक से पूछताछ के बाद व्यापारी को मिला बैग

पुलिस ने ऑटो चालक को थाने बुलाकर बैग के संबंध में पूछताछ की। चालक ने बताया कि बैग रास्ते में गिरा हुआ मिला था, जिसे उसने अपने पास सुरक्षित रखा था। पुलिस ने बैग बरामद कर प्रार्थी नरेंद्र छुगानी को थाने बुलाया और नगदी से भरा बैग सही-सलामत वापस सौंप दिया।

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से व्यापारी को 3 लाख रुपये की बड़ी आर्थिक राहत मिली। CCTV कैमरों की मदद से रकम सुरक्षित वापस दिलाने पर पुलिस की कार्यवाही की सराहना की जा रही है।