ब्रेकिंग न्यूज़

बिलासपुर में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का मेगा एमएसएमई क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम, 192 करोड़ के ऋण स्वीकृत

DULAL MUKHERJEE
By -

बिलासपुर में सेंट्रल बैंक का मेगा एमएसएमई क्रेडिट आउटरीच, 192 करोड़ के ऋण स्वीकृत; उद्यमियों को मिला बड़ा आर्थिक संबल


बिलासपुर। छोटे कारोबारियों, उद्यमियों और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति देने के उद्देश्य से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने बिलासपुर में राष्ट्रव्यापी मेगा एमएसएमई क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में बैंक की ओर से लगभग 192 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत किए गए। ऋण स्वीकृत होने वाले हितग्राहियों को प्रमाण पत्र सौंपकर उन्हें आर्थिक गतिविधियों के विस्तार के लिए प्रोत्साहित किया गया। वहीं लंबे समय से बैंक से जुड़े प्रतिष्ठित व्यवसायियों और ग्राहकों का सम्मान भी किया गया।


बिलासपुर में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छोटे और मध्यम उद्यमियों को बैंकिंग सुविधाओं, ऋण योजनाओं और केंद्र सरकार की विभिन्न वित्तीय योजनाओं से जोड़ना रहा। कार्यक्रम में मुंबई से विशेष रूप से पहुंचीं सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य प्रबंधक कविता ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। वहीं विशिष्ट अतिथि के तौर पर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष सतीश शाह सहित जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान उद्यमियों और कारोबारियों को बैंक की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें स्वरोजगार और व्यापार विस्तार के लिए प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों ने उपस्थित ग्राहकों और उद्यमियों को बैंक की कार्यप्रणाली के साथ विभिन्न ऋण योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। बताया गया कि बैंक कृषि, उद्योग, व्यापार सहित अलग-अलग क्षेत्रों के लिए वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। इसके साथ ही केंद्र सरकार की योजनाओं के माध्यम से छोटे और मध्यम कारोबारियों को कार्यशील पूंजी तथा टर्म लोन जैसी सुविधाओं से जोड़ने की जानकारी दी गई। इस दौरान बैंक अधिकारियों ने ग्राहकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। ग्राहकों ने बैंक की सेवाओं पर संतुष्टि जताते हुए भविष्य में भी बेहतर समन्वय के साथ काम करने की बात कही।

कार्यक्रम की सबसे बड़ी उपलब्धि लगभग 192 करोड़ रुपये के ऋणों की स्वीकृति रही। स्वीकृत ऋण के हितग्राहियों को मंच से प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा बैंक के साथ लंबे समय से जुड़े उद्योगपतियों और प्रतिष्ठित ग्राहकों को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया। इसी कड़ी में शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं समाजसेवी मंजीत सिंह गुंबर को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से बैंक और ग्राहकों के बीच विश्वास, सहयोग और बेहतर समन्वय को मजबूत करने का संदेश दिया गया

कुल मिलाकर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का यह मेगा एमएसएमई क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम छोटे कारोबारियों और उद्यमियों के लिए बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। 192 करोड़ रुपये के ऋणों की स्वीकृति से जिले में उद्योग, व्यापार और स्वरोजगार की गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।