PM स्वनिधि योजना में छत्तीसगढ़ का जलवा: मिले 5 राष्ट्रीय पुरस्कार, फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देश में पहला स्थान
नई दिल्ली में आयोजित स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026 में मिली बड़ी उपलब्धि, बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा को भी राष्ट्रीय सम्मान
बिलासपुर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयासों में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नई दिल्ली में आयोजित स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026 में छत्तीसगढ़ को पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। इनमें राज्य ने फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देशभर में पहला और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया है।
शुक्रवार को नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने राज्य की ओर से दोनों राष्ट्रीय पुरस्कार ग्रहण किए। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे।
बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा को भी मिला सम्मान
राष्ट्रीय पुरस्कारों की इस उपलब्धि में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों ने भी अपनी अलग पहचान बनाई। डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में एक लाख से कम आबादी वाले नगरीय निकायों में बड़े बचेली नगर पालिका ने देश में पहला और दंतेवाड़ा नगर पालिका ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
वहीं, एक लाख से 10 लाख की आबादी वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में बिलासपुर नगर निगम को राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान मिला। इन निकायों को पथ विक्रेताओं को डिजिटल लेन-देन से जोड़ने और उन्हें संस्थागत ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री साय ने जताई खुशी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश को मिली इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में पहला और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में दूसरा स्थान मिलना योजना के बेहतर क्रियान्वयन और नवाचारों का परिणाम है। सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और पथ विक्रेताओं को सम्मानजनक आजीविका के अवसर मिलें।
अरुण साव बोले- नगरीय निकायों के प्रयासों का परिणाम
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य स्तर पर दो राष्ट्रीय पुरस्कार और बिलासपुर, बड़े बचेली तथा दंतेवाड़ा को डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में सम्मान मिलना नगरीय निकायों की बेहतर कार्यप्रणाली और समर्पित प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल लेन-देन और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यह सम्मान नगरीय निकायों को आगे भी पथ विक्रेताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित करेगा।
समारोह में बिलासपुर नगर निगम की महापौर पूजा विधानी और आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, दंतेवाड़ा नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता एवं सीएमओ अरुण कुमार ध्रुव तथा बड़े बचेली नगर पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल एवं सीएमओ पी.टी.एम. कृष्णा राव ने अपने-अपने निकायों की ओर से पुरस्कार ग्रहण किए।
इस उपलब्धि के साथ छत्तीसगढ़ ने शहरी आजीविका संवर्धन, डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने और छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में अपनी प्रभावी भूमिका साबित की है।


