Type Here to Get Search Results !

मुकदमों की हाफ सेंचुरी पूरी, बरवड्डा थाना में विधायक ढुलू के खिलाफ दर्ज हुई एक और प्राथमिकी

धनबाद(कतरास): 01-04-2024
लोकसभा चुनाव सर पर है. चुनावी पारा चरम है. और आम चुनाव से ठीक पहले भाजपा के धनबाद लोकसभा प्रत्याशी सह बाघमारा विधायक ढुलु महतो पर धनबाद के बरवड्डा थाना में एक और प्राथमिकी दर्ज हो गई है. यह प्राथमिकी मारवाड़ी समाज के कृष्णा अग्रवाल ने दर्ज कराई है, जिसका केस सँख्या 53/24 है. इस केस के दर्ज होते ही विधायक ढुलु ने मुकदमों की हाफ सेंचुरी लगा दी है. इससे पहले विधायक के ऊपर कुल 49 केस दर्ज थे. जिसमे से कांड संख्या- 242/05, 133/06, 307/06 एवं 120/13 में निचली अदालत ने उन्हें सजा भी सुनाई है. बाकी मामले में कुछ विचाराधीन है और कुछ में अनुसंधान चल रहा है. बता दे कि धनबाद लोकसभा सीट हॉट केक बन चुका है. इस सीट से भाजपा की ओर से ढुलु महतो के नाम की घोषणा होते ही धनबाद में विवाद शुरू हो गया.  बियाडा के पूर्व चैयरमेन बिजय झा, धनबाद के कई प्रतिष्ठित कारोबारी एवं कुछ आम जनता ने भी ढुलु महतो को उम्मीदवार बनाये जाने का विरोध किया है. वहीं मारवाड़ी समाज के  कृष्णा अग्रवाल के द्वारा ढुलु महतो के खिलाफ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को शिकायत करने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है. पत्र वायरल होते ही ढुलु महतो एवं कृष्ण अग्रवाल के बीच मोबाईल में एक गरमागरम बहस भी हुई जिसका ऑडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया. ऑडियो वायरल होने के बाद पूर्व मंत्री सरयू राय और बियाडा के पूर्व अध्यक्ष विजय झा कृष्ण अग्रवाल के पक्ष में जा खड़े हुए. सरयू राय ने ढुलु महतो का नाम लिये बगैर यहाँ तक कह दिया कि अगर जरूरत पड़ा तो सरयू राय बिल्ली के गले मे घण्टी बांधने का काम करेगा. मामला तब और गंभीर हो गया जब गैंगस्टर प्रिंस खान ने मामले में इंट्री ली. प्रिंस खान ने एक ऑडियो जारी कर सरयू राय और कृष्णा अग्रवाल को धमकाते हुए कहा कि एक महतो को टिकट मिल गया तो दिक्कत हो रहा है. अपराधी केवल ढुलु महतो है, जो चार लोगों को मार के जेल गया वो अपराधी नही है. प्रिंस ने दोनों को बुरा परिणाम भुगतने की चेतावनी दी. इसी को लेकर कृष्ण अग्रवाल ने गैंगस्टर प्रिंस खान व ढुलु महतो के खिलाफ बरवड्डा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराया है. इससे पहले अग्रवाल ने धनबाद एसएसपी को पत्र लिखकर कहा कि बाघमारा विधायक ढुलु महतो के इशारे पर गैंगस्टर प्रिंस खान ने सरयू राय एवं मुझे (कृष्ण अग्रवाल) जान से मारने की धमकी दी है. ढुलु महतो का विरोध करने पर खोपड़ी खोल देने का धमकी दिया है. उन्होंने कहा कि इस घटना से मेरा पूरा परिवार दहशत में आ गया है. भाजपा प्रत्याशी ढुलु महतो के इशारे पर कभी भी प्रिंस खान व उसके गुर्गों के द्वारा हमारे एवं हमारे परिवार के साथ अनहोनी का घटना किया जा सकता है. सुरक्षा के लिए उन्होंने एसएसपी से अंगरक्षक की मांग की. बताया जाता है कि आवेदन देने के बाद कृष्ण अग्रवाल को अंगरक्षक मुहैया करा दिया गया है. वही मामले को लेकर बरवड्डा थानेदार सुनील कुमार रवि ने बताया कि कृष्ण अग्रवाल की शिकायत पर कांड संख्या 53/24, धारा 109, 120, 387, 504 एवं 506 के तहत प्रिंस खान एवं ढुलु महतो के खिलाफ कांड अंकित किया गया है. मामले में कितनी सच्चाई है इसको लेकर जांच पड़ताल किया जा रहा है. 
इधर ऑडियो क्लिप प्रकरण में फोरेंसिक जांच एवं कार्रवाई के लिए विधायक ढुल्लु महतो ने निर्वाचन आयोग, डीजीपी, मुख्य सचिव, एसएसपी और धनबाद डीसी को पत्र लिखा है.

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad