कतरास: 08-08-2024
उचित मुआवजा व नियोजन की मांग को लेकर झिंझिपहाड़ी पंचायत के पंचायत समिति सदस्य संजू देवी के नेतृत्व में सैकड़ो महिलाओं एवं पुरुषों ने गुरुवार को एरिया 4 अंतर्गत सलानपुर कोलियरी में चल रहे आर के कोल माइंस प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय का घेराव कर प्रबंधक के नाम ज्ञापन सौंपा.
संजू देवी ने बताया कि स्थानीय लोगों को छोड़कर कंपनी बाहरी लोगों को नियोजन दे रही है. जबकि झारखंड सरकार की नीति के अनुसार इस प्रकार के किसी भी प्राइवेट सेक्टर में 75% स्थानीय लोगों को नियोजन देने का प्रावधान है. वही पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि अर्जुन महतो ने कहा कि हम लोग इस आउटसोर्सिंग कंपनी से महज 50-100 मीटर की दूरी पर रहते हैं एवं यहां चल रहे परियोजना से पूरी तरह से प्रभावित होते हैं. यहां की परियोजना से निकलने वाले धूल और मिट्टी हम खाएंगे, तो नियोजन बाहरी लोगों को क्यों दिया जाएगा.
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कंपनी के कुछ लोग बिचौलियों व दलालों के माध्यम से मोटी रकम लेकर बाहरी लोगों को नियोजन देने का काम कर रही है. चेतावनी देते हुए कहा कि कंपनी प्रबंधन यह न सोचे कि गुंडों व दलालों के बल पर कंपनी चला लेंगे. हर हाल में स्थानीय लोगों को नियोजन देना होगा तथा स्थानीय लोगों का साथ लेकर ही कंपनी को चलाना पड़ेगा. कहा कि यदि 8 दिन के अंदर कंपनी की ओर से नियोजन देने हेतु वार्ता नहीं की जाएगी तो कंपनी कार्यालय के समीप हजारों की संख्या में ग्रामीण अपने हक अधिकार के लिए अनिश्चितकालीन रूप से धरना में बैठेंगे.
स्थानीय लोगों को ही नियोजन दिया जाएगा- आनंद कुमार(इंचार्ज)
वही मौके पर मौजूद इंचार्ज आनंद कुमार ने कहा कि ग्रामीणों का ज्ञापन मिला है. अपने वरीय अधिकारियों के साथ इस मामले में चर्चा करके ग्रामीणों के साथ वार्ता की जाएगी. साथ ही कहा कि बाहरी लोगों को नियोजन नहीं दिया गया है. जो भी लोग यहां काम कर रहे हैं सभी स्थानीय लोग ही हैं और आगे भी स्थानीय लोगों को ही नियोजन दिया जाएगा. उन्होंने पैसा लेकर नियोजन देने की बात से इनकार किया. मौके पर सूर्यदेव मिश्रा, बिरजू बावरी, हीरालाला दास, राजू चौहान, बिकास दास, बंटी शर्मा, रिंकी देवी, सत्या देवी, मेहिला नेत्री गीता सिंह, सूरज केवट, मिठू केवट, अजय दे, कविता देवी, रुपेश महतो, जितेन महतो, अविनाश महतो, रुमा देवी, राजेश सिंह, राजू कुम्हार, रीना देवी आदि सैकड़ों लोग उपस्थित थे.





Post a Comment
0 Comments