Type Here to Get Search Results !

हलवाई वैश्य युवा मंच कतरास ने धूमधाम से मनाया बाबा गणिनाथ की जयंती


बाबा गणिनाथ साक्षात भगवान शिव के अवतार थे- रोहित यादव
कतरास: 14-09-2024
शनिवार को कतरास राजगंज रोड स्थित राजस्थानी धर्मशाला कतरास में हलवाई वैश्य युवा मंच कतरास के द्वारा धूमधाम से बाबा गणिनाथ गोविंद जी की जयंती मनाई गई. इस अवसर पर कांग्रेस नेता सह बाघमारा विधायक प्रत्याशी रोहित यादव मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे. हलवाई वैश्य युवा मंच के कृष्ण कुमार गुप्ता ने शाल ओढ़ाकर व मुकेश गुप्ता ने पगड़ी पहनकर रोहित यादव को सम्मानित किया. युवा मंच के अन्य सदस्यों ने बुके देकर कांग्रेसी नेता रोहित यादव का स्वागत किया. 

इसके बाद मुख्य अतिथि रोहित यादव ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की. वक्ताओं ने हलवाई वैश्य समाज को एकजुट होकर रहने तथा समाज के लोगों को सहयोग करने पर जोर दिया. समाज के लोगों ने नई मंदिर का निर्माण करने का मामला भी उठाया. मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रोहित यादव ने कहा कि आज का कार्यक्रम एक परिवार का कार्यक्रम जैसा प्रतीत हो रहा है. यह पूरी तरह से शांतिपूर्ण और अनुशासित है. बाबा गणिनाथ हलवाई वैश्य समाज के कुल देवता हैं. बाबा गणिनाथ जी इस भूलोक में धर्म की रक्षा, मानवता का संदेश और आपस में बढ़ रही वैमनस्यता को दूर करने के लिए अवतरित हुए थे.
उन्होंने बाबा गणिनाथ को साक्षात भगवान शिव का अवतार बताया. कहा कि आज हमारे समाज को उनके बताए मार्ग पर चलने की आवश्यकता है. कहा कि आज उनके जयंती के अवसर पर सभी यहां एकत्रित हुए हैं. यह एकता हमेशा बनी रहनी चाहिए. कहा कि हलवाई वैश्य समाज के लिए वह हमेशा खड़े हैं. समाज को जब भी मेरी आवश्यकता होगी हम समाज के विकास और उत्थान के लिए हमेशा तैयार है. 

रोहित यादव ने कहा कि समाज के लोगों ने जिस प्रकार मेरा स्वागत और मान सम्मान किया उससे मैं अभिभूत हूं. उन्होंने कमेटी के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम में समाज की छोटी छोटी बच्चियों ने  अपना नृत्य प्रदर्शन कर अपनी कला भी दिखाई. मौके पर जावेद रजा, सोनु शर्मा, मुकेश गुप्ता, पप्पू दुबे, कृष्ण कुमार गुप्ता, शंकर गुप्ता आदि उपस्थित थे.

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad