50 लाख रंगदारी नही दी तो गिरा दिया मेरा बाउंड्रीवाल- सूरज सिंह
कतरास: शनिवार को रामकनाली थाना अंतर्गत कांको मोड़ के समीप गोली चलने की खबर से पूरा क्षेत्र दहशत में आ गया. घटना को लेकर जन शक्ति दल के सुप्रीमो सूरज महतो ने कांको मोड़ स्थित अपने प्रधान कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित करते हुए बताया कि शनिवार को जब वह अपने वाहन से अपने कार्यालय जा रहे थे, उसी समय दीपनारायण सिंह, उसके दोनों भतीजे, राजा मंडल, मुकेश मंडल और कुछ लोग कार्यालय के रास्ते के समीप आ गए. दीप नारायण सिंह उनके दोनों भतीजे तथा अन्य दो लोग हरवे हथियार से लैस थे. जान का खतरा महसूस होते ही मैंने अपने ड्राइवर से अपने कार्यालय के तरफ गाड़ी भगाने को कहा. इसी बीच दीप नारायण सिंह अपने हाथों में हथियार चमकते हुए अपने लोगों से कहा की मौका को हाथ से जाने मत दो. इसके बाद दीप नारायण सिंह ने गोली चलाई. गोली की आवाज सुनकर मेरा ड्राइवर चतुराई से गाड़ी को कार्यालय के अंदर ले गया. इसके बाद दिन भर कोई काला गाड़ी कार्यालय के समीप 8 लेन में रेकी करता रहा. मेरा बैनर पोस्टर भी फाड़ दिया गया. उन्होंने कहा कि उनके बढ़ते कद और जनता के बीच बढ़ती लोकप्रियता के कारण राजनीतिक षड्यंत्र के तहत उनकी हत्या करने के लिए राजनीतिक षडयंत्र रचा जा रहा है. इसमें कई पार्टियों के लोग शामिल हो सकते हैं. उन्होंने याद दिलाते हुए कहा कि झामुमो नेता अक्षय लाल चौहान की बढ़ती लोकप्रियता के कारण ही राजनीतिक षड्यंत्र रचकर उनकी हत्या कर दी गई जो किसी से छिपा नहीं है. सूरज महतो ने कहा कि मामले की लिखित शिकायत रामकनाली आपी में दे दी गई है.
50 लाख रंगदारी नही दी तो गिरा दिया बाउंड्रीवाल- सूरज सिंह
वहीं मामले को लेकर यूथ फोर्स के केंद्रीय सचिव सूरज कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि मामला जमीन विवाद का है. सूरज सिंह ने कहा कि खमारगोड़ा मौजा में 8 लेन के किनारे मौजा नंबर 209, खाता नंबर 50, प्लॉट नंबर- 01, रकवा 25 डिसमिल जमीन शंकर मंडल पिता ललित मंडल से पिछले 8 सितंबर को खरीदा है. जमीन पर बाउंड्री वॉल करने के एवज में जन शक्ति दल के सूरज महतो ने 50 लाख की रंगदारी मांगी थी, जो की देने से इनकार करने पर सूरज महतो एवं उनके लोगों के द्वारा बाउंड्रीवाल को गिरा दिया गया. सूरज सिंह ने कहा कि वे शनिवार को अपने जमीन में बाउंड्री वॉल का काम कर रहे थे. इसी दौरान सूरज महतो, बलराम महतो, दीपेश महतो, मोहम्मद सुल्तान और अन्य 40-50 लोग आए तथा मारपीट करने लगे. सूरज महतो ने जान मारने की नियत से पिस्तौल से फायर किया जिससे मैं बाल बाल बच गया. सूरज महतो ने कहा कि अगर खमारगोड़ा, उदलबनी और काको में कहीं भी जमीन लेगा तो सूरज महतो को रंगदारी देना होगा. यह कहकर मारपीट शुरू कर दिया सभी लोग लाठी डंडे और हरवे हथियार से लैस थे. सूरज सिंह ने कहा की गोली और बम का इतिहास दीप नारायण सिंह का नहीं बल्कि सूरज महतो का रहा है. रामकनाली थाना अंतर्गत महालक्ष्मी आउटसोर्सिंग में गोली और बम किसने चलाया था यह किसी से छिपा नहीं है. मामले में सूरज महतो जेल भी गए थे. आज भी उसके कई गुर्गे की गाड़ी रामकनाली आप में सड़ रही है. कहा कि शनिवार को यूथ फोर्स के प्रधान सह जदयू नेता दीप नारायण सिंह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी के साथ रांची में थे. उन पर लगाए गए सारे इल्जाम बेबुनियाद है. पुलिस की जांच पड़ताल में सभी सच्चाई सामने आ जाएगी. मामले की लिखित शिकायत रामकनाली ओपी में दे दी गई है. प्रेस वार्ता में सहदेव प्रसाद सिंह, इम्तियाज़ खान, अशोक कुमार दास आदि दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे. रामकनाली ओपी प्रभारी मंगल कुजूर ने बताया कि दोनों ओर से लिखित शिकायत की गई है. मामले की जांच पड़ताल की जा रही है.



Post a Comment
0 Comments