Type Here to Get Search Results !

जन शिकायत समाधान कार्यक्रम में लोगों ने उठाये सड़क जाम, अवैध कोयला खनन, अतिक्रमण आदि का मुद्दा, व्यक्तिगत शिकायत भी दिए


शिविर लगाने का उद्देश्य पुलिस व आम आदमी के बीच विश्वास बढ़ाना है- डीएसपी
कतरास: 10-09-2024
मंगलवार को कतरास राजगंज रोड में स्थित राजस्थानी धर्मशाला में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का जागरूकता अभियान शिविर लगाया गया. दीप प्रज्वलन के साथ ही कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन हुआ. इस कार्यक्रम में बाघमारा अनुमंडल अंतर्गत कतरास थाना, राजगंज थाना,  महूदा थाना, मधुबन थाना,  अंगार पथरा ओपी, रामकनाली ओपी, सोनारडीह ओपी सहित सभी थाना व ओपी के थाना प्रभारी व ओपी प्रभारी शामिल हुए थे.
बाघमारा डीएसपी ज्योति आनंद मिंज ने बताया कि महानिदेशक एवं पुलिस महानिदेशक झारखंड के निर्देशानुसार नागरिकों के शिकायतों की त्वरित करवाई एवं प्रभावी निवारण हेतु झारखंड पुलिस की पहल पर यह कार्यक्रम किया जा रहा है. इस कार्यक्रम में जो भी अपना शिकायत लिखित रूप से देंगे उनका मामले का निष्पादन अति शीघ्र किया जाएगा. कहा कि ऐसा पहली बार हो रहा है, इसके बाद प्रत्येक महीने में दो बार इस तरह के शिविर लगाए जाएंगे.  शिविर लगाने का उद्देश्य पुलिस व आम आदमी के बीच अच्छा संबंध स्थापित हो सके.  

                      
शिविर में आए कई लोगों ने पंचगढ़ी बाजार में टोटो के जाम से मुक्ति दिलाने, साफ सफाई की व्यवस्था करने, स्ट्रीट लाइट नहीं जलने, सड़कों पर वर्षा का पानी जमा होने, सड़क किनारे के सरकारी जमीनों का अतिक्रमण होने, अवैध कोयला खनन होने, जाति आवासीय का मामला, जमीन संबंधित मामलों का निष्पादन नहीं होने आदि का मुद्दा गंभीरता से उठाया. 

वहीं कई लोगों ने अपने व्यक्तिगत मामलों को लेकर संबंधित थाना के टेबल पर अपनी शिकायत दर्ज करवाई तथा रिसीविंग भी प्राप्त किया. राजद के कतरास नगर अध्यक्ष विनय पासवान ने जाति प्रमाण पत्र, सलानपुर बस्ती के लिए पीने का पानी व बंद पड़े लाइट को फिर से चालू करने का आवेदन दिया. मंच संचालन कतरास थाना प्रभारी असित कुमार सिंह ने किया.  मौके पर बाघमारा डीएसपी ज्योति आनंद मिंज, अंचल अधिकारी बाघमारा रवि भूषण प्रसाद, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी बाघमारा डॉ सुषमा आनंद, नगर निगम सिटी मैनेजर साबिर आलम, प्रसिद्ध चिकित्सक डॉक्टर उमाशंकर सिंह डॉ मधुबाला, महिला थाना प्रभारी बाघमारा, सभी थानों व ओपी के प्रभारी एवं सैकड़ों लोग उपस्थित थे.

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad