कतरास: गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर नगर निगम कतरास के दर्जनों सफाई कर्मियों ने स्वच्छता ही सेवा 2024 का बैनर लगाकर भगत सिंह चौक कतरास स्थित भगत सिंह स्मारक के आसपास स्वच्छता अभियान चलाया. इसके बाद भगतसिंह स्मारक में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी लाल बहादुर शास्त्री तथा भगत सिंह को नमन किया. सफाई कर्मियों ने कहा कि महात्मा गांधी साफ सफाई को लेकर हमेशा ही जागरूक रहा करते थे तथा दूसरों को भी साफ सफाई और स्वच्छता में रहने के लिए प्रेरित करते थे. गांधी जी ने “स्वच्छ भारत” का सपना देखा था. जिसके लिए वह चाहते थे कि भारत के सभी नागरिक एक साथ मिलकर देश को स्वच्छ बनाने के लिए कार्य करें और इस सपने को साकार बनायें. सफाई कर्मियों ने कहा कि साफ-सफाई केवल सफाई कर्मचारियों की ही जिम्मेदारी नहीं है बल्कि यह हम सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है कि हम अपने शहर, अपने गांव और अपने आसपास के जगह को साफ और सुरक्षित रखें. मौके पर सुरेश भुइयां, छोटेलाल भुइयां, प्रदेसी काले, जयनंदन भुइयां, अक्षय भुइयां, बजरंगी भुइयां, रोहित हाड़ी, सोहन हाड़ी, बजरंगी हाड़ी आदि सफाई कर्मी मौजूद थे.


Post a Comment
0 Comments