बकरी हटिया कतरास में अतिक्रमण की सूचना पर पहुँचे निगम के अधिकारी, अतिक्रमणकारियों को चेताया




कतरास: 30-05-2025
बाघमारा में सरकारी जमीनों की लूट धड़ल्ले से हो रही है। आए दिन जमीनों की लूट की सूचना विभाग को एवं जनता को मिलते रहता है। उसके बावजूद भी विभागीय अधिकारी के सुस्ती के कारण दबंग किस्म के लोग धीरे-धीरे सरकारी जमीन को कब्जा कर सरकार को राजस्व का चूना लगा रहे हैं। शुक्रवार को वार्ड संख्या एक अंतर्गत बकरी हटिया कतरास में अतिक्रमण कर अवैध निर्माण करने की सूचना पाकर निगम के अधिकारी बकरी हटिया पहुंचे। निगम के अधिकारियों ने अवैध निर्माण कर दुकान लगाने वाले व्यापारियों को चेतावनी देते हुए अति शीघ्र दुकान हटाने की बात कही। दुकान नहीं हटाने पर निगम के द्वारा दुकान को हटाने एवं संबंधित व्यक्ति पर कानूनी कार्रवाई करने की बात कही गई। इस घटना से कतरास हटिया में अवैध निर्माण करने वाले अन्य लोगों में भी खलबली मच गई है।
                   

बता दें कि कतरास हटिया सैकड़ो वर्ष पुराना है। स्थानीय लोगों के अनुसार 5 एकड़ से अधिक जमीन पर यहां साप्ताहिक हटिया लगा करता था। इस हाट में गाय, भैंस, बकरी, मुर्गी, कबूतर, हंस, साग सब्जी, कपड़ा, दतवन, राशन सामग्री एवं जरूरत का हर सामान बिका करता था। लेकिन वर्तमान में यह हटिया सिमट कर महज मुट्ठी भर की रह गई है। पूरे हटिया में दबंग किस्म के लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर दुकान, मकान एवं स्कूल बना रखा है। विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अवैध निर्माण करने वाले लोग हटिया के एक स्थानीय दबंग व्यक्ति को 20 हजार से लेकर लाख रुपया तक (जितना जमीन में कब्जा करना है उसके अनुसार) नजराना देकर सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण कर दुकान, मकान, स्कूल आदि बनाते आए हैं। यह सिलसिला आज भी जारी है। बताया जा रहा है कि अवैध कब्जा करने वाले व्यापारियों ने 20 हजार रुपये रंगदारी उक्त दबंग व्यक्ति को देकर अवैध निर्माण करने की हिम्मत जुटाई है। 
             
जानकारी हो कि वर्ष 2021-22 में तत्कालीन अंचल अधिकारी कमल किशोर सिंह के द्वारा कतरास हटिया का सर्वे भी कराया गया था। कई कब्जाधारियों को नोटिस भी जारी की गई थी। इसकी विस्तृत जांच रिपोर्ट धनबाद उपायुक्त एवं नगर आयुक्त को भी भेजी गई थी। लेकिन उनका तबादला होने के बाद अतिक्रमणकारियों ने प्रशासन एवं निगम के कुछ भ्रष्ट अधिकारियों को सुविधा शुल्क देकर मामले को ठंडे बस्ते में डलवा दिया। 
 
व्यापारी अवैध निर्माण खुद से हटा लें वरना होगी कड़ी कार्रवाई- राजस्व अधिकारी(नगर निगम)
       
मीडिया से मुखातिब होते हुए निगम के राजस्व अधिकारी ने बताया कि लोगों द्वारा सूचना मिली थी कि कुछ व्यापारी मनमानी तरीके से सरकारी जमीन को कब्जा कर अवैध निर्माण कर रहे हैं। अधिकारी ने बताया कि अवैध निर्माण करने वाले सभी व्यापारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए दुकान को स्वयं जल्द से जल्द हटा लेने को कहा गया है। यदि वह ऐसा नहीं करते हैं तो निगम की ओर से न केवल अवैध निर्माण को हटाया जाएगा बल्कि संबंधित कब्जाधारियों पर विभागीय कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। निगम के अधिकारियों के समक्ष स्थानीय लोगों ने जीएनएम रोड में अतिक्रमण का मुद्दा भी उठाया। इस पर अधिकारी ने कार्रवाई करने की बात कही। अब देखना है कि क्या वास्तव में निगम के द्वारा अतिक्रमणकारियों पर कोई कार्रवाई की जायेगी या फिर से एक बार लक्ष्मी के मोहमाया में सभी फंस जाएंगे। मौके पर नगर निगम के राजस्व अधिकारी सचिन कुमार कतरास निगम कर्मी प्रदीप कुमार एवं अन्य निगम कर्मी उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments