Type Here to Get Search Results !

जीएसटी 2.0 : जीवन में सरलता और व्यापार में सहजता – अमर अग्रवाल

जीएसटी 2.0 : जीवन में सरलता और व्यापार में सहजता – अमर अग्रवाल

बिलासपुर, 22 सितम्बर 2025। पूर्व मंत्री एवं नगर विधायक अमर अग्रवाल ने रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 3 सितम्बर 2025 को हुई 56वीं जीएसटी काउंसिल की बैठक में लिए गए फैसले देश की कर व्यवस्था का अब तक का सबसे बड़ा सुधार है। उन्होंने कहा कि जीएसटी 2.0 से आम जनता, किसानों और व्यापारियों को सीधी राहत मिलेगी और भारतीय अर्थव्यवस्था को नई गति प्राप्त होगी।

अब केवल दो दरें – 5% और 18%

अग्रवाल ने बताया कि जीएसटी की पुरानी चार दरों को घटाकर केवल दो दरें 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत रखी गई हैं। वहीं लग्जरी और हानिकारक वस्तुओं पर 40 प्रतिशत कर लागू होगा। इससे रोजमर्रा की वस्तुएँ जैसे दूध, पनीर, साबुन, शैम्पू, टूथपेस्ट और बच्चों की सामग्री सस्ती हो जाएँगी।

किसानों और स्वास्थ्य क्षेत्र को राहत

किसानों को ट्रैक्टर, टायर, कीटनाशक और सिंचाई उपकरण पर कर घटने से सीधा लाभ मिलेगा।

स्वास्थ्य क्षेत्र की बात करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन और स्वास्थ्य बीमा पर जीएसटी समाप्त कर दी गई है। दवाइयों, ऑक्सीजन और जांच किट पर कर कम होने से मरीजों और उनके परिवारों पर आर्थिक बोझ घटेगा।

गाड़ियाँ और शिक्षा क्षेत्र भी सस्ता

अब कार और मोटरसाइकिल पर 28 की जगह 18 प्रतिशत जीएसटी लगेगा।

शिक्षा क्षेत्र में कॉपियों, पेंसिल और अन्य छात्र सामग्री को पूरी तरह करमुक्त किया गया है।

व्यापारियों और उद्योग जगत के लिए बड़ा कदम

व्यापारियों के लिए केवल एक सरल रिटर्न दाखिल करना होगा। रिफंड की प्रक्रिया तेज और ऑटोमेटेड होगी। छोटे व्यापारियों के लिए मोबाइल फ्रेंडली प्लेटफॉर्म उपलब्ध रहेगा।

साथ ही एआई और डेटा एनालिटिक्स के जरिए कर चोरी और फर्जी बिलिंग पर रोक लगाई जाएगी।

छत्तीसगढ़ को होगा बड़ा फायदा

खनिज और उद्योग क्षेत्र में अनुपालन आसान होगा, छोटे और मझोले व्यापारियों को राहत मिलेगी और कर चोरी पर नियंत्रण से राज्य को अधिक राजस्व मिलेगा। इससे नए उद्योग, निवेश और रोजगार की संभावनाएँ मजबूत होंगी।

उत्सव का अनोखा अंदाज़

प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में अमर अग्रवाल ने जीएसटी 2.0 के शुभारंभ का उत्सव केक पर दीप जलाकर मनाया। उन्होंने कहा –

"भाजपा हमेशा जोड़ने और रोशनी देने का काम करती है। यह सुधार नवरात्रि और दिवाली का तोहफा है, जो जीवन में सरलता और व्यापार में सहजता लेकर आएगा।"


Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad